समाचार · हरियाणा
महम में रातभर हुई बारिश से जलभराव PHOTOS:81 करोड़ की पाइपलाइन परियोजना भी बेअसर, पंपिंग स्टेशन के हालात भी गंभीर
रोहतक जिले के महम में रातभर हुई बारिश के बाद कई बस्तियों और ग्रामीण इलाकों को जोड़ने वाले रास्तों पर बरसाती पानी भर गया। लगभग 81 करोड़ रुपए की लागत से बनी जल निकासी परियोजना भी लोगों को जलभराव से राहत नहीं दिला पाई। महम के निवासियों ने पहले भी जलभराव की समस्या को लेकर स्थानीय नेताओं से कई बार गुहार लगाई थी। इसके परिणामस्वरूप, सरकार ने शहरवासियों के लिए 81 करोड़ रुपए की बरसाती जल निकासी परियोजना को मंजूरी दी थी। परियोजना के पास होने पर लोगों में खुशी थी और उन्हें उम्मीद थी कि अब बारिश का पानी बस्तियों और सड़कों पर जमा नहीं होगा। यहां देखें महम में जलभराव के फोटो… पंपिंग स्टेशन के पैनल में तकनीकी खराबी आई : एसडीओ हालांकि, देर रात से हो रही बारिश ने इन उम्मीदों पर पानी फेर दिया। अशोक पार्क, फरमाना चुंगी, सैमाण चुंगी, नया बस स्टैंड और मामराजपुर जैसे कई इलाकों में भारी जलभराव देखा गया। महम से भराण रोड पर बनाए गए पंपिंग स्टेशन के हालात भी गंभीर दिखे। पंपिंग स्टेशन खुद जलभराव की चपेट में आ गया था, और स्टॉर्म वॉटर पंप की मोटर तकनीकी खराबी के कारण बंद मिली। पब्लिक हेल्थ विभाग के एसडीओ ने बताया कि पंपिंग स्टेशन के पैनल में तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसे ठीक करने में समय लगा। उन्होंने यह भी बताया कि स्टॉर्म वॉटर पंप की मोटर में भी तकनीकी खराबी थी, जिसके कारण वह नहीं चल रही थी। एसडीओ ने कहा कि इसे जल्द से जल्द ठीक करने के प्रयास किए जा रहे हैं।