Friday, 14 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

खड़गे के सभा स्थल शुद्धिकरण पर कांग्रेस का सत्याग्रह:भाजपा पर मनुवादी सोच का आरोप, देशभर में विरोध

INT News14 August 2026 at 07:42 pm

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हल्द्वानी सभा स्थल के कथित शुद्धिकरण को लेकर कांग्रेस देशभर में विरोध प्रदर्शन कर रही है। इसी क्रम में शुक्रवार शाम शाजापुर में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सत्याग्रह कर अपना विरोध दर्ज कराया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं और उनसे जुड़े संगठनों ने खड़गे की सभा स्थल का शुद्धिकरण कर उनका अपमान किया है। अंबेडकर प्रतिमा के सामने प्रदर्शन शाजापुर शहर के महुपुरा चौराहे पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के सामने यह सत्याग्रह शाम 5 बजे से 6 बजे तक करीब एक घंटे तक चला। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। उन्होंने भाजपा और उसके नेताओं के खिलाफ नारेबाजी करते हुए घटना पर अपनी नाराजगी व्यक्त की। भाजपा का 'घृणित कृत्य' कांग्रेस जिला अध्यक्ष नरेश्वर प्रताप ने इस घटना को 'घृणित कृत्य' बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि करीब चार दिन पहले मल्लिकार्जुन खड़गे हल्द्वानी में सभा के लिए पहुंचे थे, जिसके बाद भाजपा नेताओं और उनसे जुड़े संगठनों के लोगों ने सभा स्थल का शुद्धिकरण कराया। नरेश्वर प्रताप ने कहा कि यह घटना भाजपा नेताओं की मानसिकता और मनुवादी सोच को उजागर करती है। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष बैठकर महात्मा गांधी के दिखाए सत्याग्रह के मार्ग पर शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं।

खड़गे के सभा स्थल शुद्धिकरण पर कांग्रेस का सत्याग्रह:भाजपा पर मनुवादी सोच का आरोप, देशभर में विरोध · Indian News Trust