समाचार · मध्य प्रदेश
दमोह के बटियागढ़ में 3 झोलाछाप डॉक्टर्स के क्लीनिक सील:दवाइयां जब्त की; एक मरीज की मौत के बाद परिजन ने की थी शिकायत
दमोह जिले के बटियागढ़ ब्लॉक के फुटेरा कला गांव में शनिवार दोपहर तहसीलदार और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 3 झोलाछाप डॉक्टर के क्लीनिकों पर कार्रवाई की है। टीम ने तीनों क्लीनिकों को सील कर दिया है और वहां से भारी मात्रा में दवाइयां जब्त कर जांच शुरू कर दी है। यह पूरी कार्रवाई घुराटा गांव के रहने वाले 46 साल के एक व्यक्ति की मौत के बाद हुई है। मृतक के घरवालों ने आरोप लगाया था कि झोलाछाप डॉक्टर के गलत इलाज की वजह से मरीज की जान गई है। इसके बाद परिजनों ने पुलिस से शिकायत कर सख्त कार्रवाई की मांग की थी। 3 क्लीनिक सील, बिना डिग्री के चला रहे थे दुकान शिकायत मिलते ही तहसीलदार योगेंद्र चौधरी की अगुवाई में टीम ने मौके पर पहुंचकर बंगाली डॉक्टर बबलू बैरागी के क्लीनिक को सील कर दिया। इसके अलावा दो अन्य क्लीनिकों की जांच की गई, जहां बिना किसी डॉक्टरी डिग्री के दवाइयां बेची जा रही थीं। टीम ने उन क्लीनिकों की दवाइयां जब्त कर उन्हें भी सील कर दिया है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन मामले की आगे की जांच कर रहे हैं।