समाचार · हरियाणा
करनाल में 3 नशा तस्करों को किया गिरफ्तार:4.325 किलो चूरा पोस्त, अफीम और स्मैक बरामद, एक बाइक भी जब्त
करनाल जिले में पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एनडीपीएस एक्ट के 3 अलग-अलग मामलों में 3 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 4 किलो 325 ग्राम चूरा पोस्त, 405 ग्राम अफीम और 11 ग्राम स्मैक बरामद की है। एक मामले में वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली गई है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर नशा नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। पंजाब का नशा तस्कर काबू पहले मामले में सीआईए-1 टीम ने सूचना के आधार पर एएसआई रोहित कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई की। टीम ने आरोपी राजपाल सिंह पुत्र जोगिंदर सिंह निवासी गांव झांसरान, जिला रूपनगर (रोपड़), पंजाब को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 4 किलो 325 ग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी। सीआईए-2 ने बदायूं निवासी से अफीम पकड़ी दूसरे मामले में सीआईए-2 टीम ने विश्वसनीय सूचना पर एएसआई कुलदीप सिंह की अगुवाई में कार्रवाई करते हुए आरोपी मदनलाल पुत्र जयपाल निवासी गांव शेरगंज, जिला बदायूं, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर आरोपी के पास से 405 ग्राम अफीम बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। एंटी नारकोटिक्स सेल की छापेमारी, घरौंदा का युवक गिरफ्तार तीसरे मामले में एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने इंचार्ज सब इंस्पेक्टर हिम्मत सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए विकास पुत्र सुदेश कुमार निवासी वार्ड नंबर-1, शिव कॉलोनी, घरौंदा, जिला करनाल को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 11 ग्राम स्मैक बरामद हुई। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त की है। रिमांड पर लेकर होगा नेटवर्क का खुलासा तीनों मामलों में संबंधित थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ कर नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जाएगी और पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।