Wednesday, 25 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national · उत्तर प्रदेश

VIDEO: राजीव गांधी की सुरक्षा पर राहुल गांधी का दावा सही या गलत? हरिवंश ने चंद्रशेखर का हवाला देकर खोले राज

INT News25 November 2026 at 06:04 pm

वाराणसी में मीडिया से बातचीत के दौरान हरिवंश ने इस मामले में सात तथ्य सामने रखने की बात कही. उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की आत्मकथा 'चंद्रशेखर : जिंदगी का कारवां' का हवाला देते हुए कहा कि चंद्रशेखर ने अपनी किताब में राजीव गांधी की सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर की थी.

हरिवंश के मुताबिक, चंद्रशेखर ने लिखा है कि सुरक्षा एजेंसियां राजीव गांधी की सुरक्षा को लेकर चिंतित थीं और उन्हें बार-बार सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने की सलाह दे रही थीं. चंद्रशेखर ने खुद भी राजीव गांधी को सावधानी बरतने की सलाह दी थी. इसके लिए उन्होंने दो बार पत्र भी लिखा था.

राजीव गांधी के करीबियों पर लगाए गंभीर आरोप

हरिवंश ने चंद्रशेखर की आत्मकथा का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि राजीव गांधी के कुछ करीबी लोगों ने उनकी सुरक्षा के बजाय राजनीतिक फायदे को प्राथमिकता दी. उन्होंने कहा कि इन लोगों ने राजीव गांधी को आम जनता के बीच जाने और भीड़ से सीधे मिलने के लिए प्रोत्साहित किया, जिससे सुरक्षा व्यवस्था का उल्लंघन हुआ.

उन्होंने दावा किया कि चुनाव के दौरान राजीव गांधी के कुछ भरोसेमंद सहयोगियों ने सुरक्षा एजेंसियों की जानकारी के बिना LTTE से संपर्क किया था. इन लोगों ने राजीव गांधी को भरोसा दिलाया था कि LTTE भविष्य में उनके साथ सहयोग करेगा और उनसे कोई खतरा नहीं है.

हरिवंश के अनुसार, सरकार के पास खुफिया एजेंसियों से अलग जानकारी थी और लगातार चेतावनी दी जा रही थी कि राजीव गांधी को गुमराह किया जा रहा है. इसके बावजूद उन्होंने और उनके समर्थकों ने इन चेतावनियों पर ध्यान नहीं दिया. उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर ने अपनी किताब में लिखा है कि राजीव गांधी को एक बड़े धोखे का शिकार बनाया गया और आखिरकार वे मानव बम हमले में मारे गए.

चंद्रशेखर ने राजीव गांधी की हत्या पर जताया था दुख

हरिवंश ने बताया कि चंद्रशेखर ने अपनी आत्मकथा में लिखा है कि जब वे भुवनेश्वर में थे, तब उन्हें राजीव गांधी की हत्या की खबर मिली थी. उस रात वे राजीव गांधी के साथ यात्रा भी कर चुके थे. उन्होंने कहा कि उन्होंने इस घटना के बाद चंद्रशेखर को बेहद दुखी और आहत देखा था.

हरिवंश ने कहा कि इस दुखद घटना से आज भी सबक लेने की जरूरत है. अगर निजी राजनीतिक हितों के लिए देश के सामने सही तथ्य रखने के बजाय भ्रम फैलाया जाता है, तो इससे बड़ा अन्याय क्या हो सकता है.

हरिवंश ने उठाए कांग्रेस के भीतर LTTE से संपर्क को लेकर सवाल

हरिवंश ने कांग्रेस के भीतर LTTE से संपर्क रखने वाले लोगों की पहचान करने की मांग की. उन्होंने सवाल किया कि कांग्रेस में वे कौन लोग थे, जो LTTE के संपर्क में थे? किसने राजीव गांधी को भरोसा दिलाया था कि LTTE पर विश्वास किया जा सकता है और वह कोई नुकसान नहीं पहुंचाएगा?

उन्होंने यह भी पूछा कि राजीव गांधी के करीबी वे कौन लोग थे, जिन्होंने उन्हें भीड़ के बीच जाने के लिए प्रोत्साहित किया और सुरक्षा एजेंसियों की चेतावनियों को उनकी लोकप्रियता कम करने की सरकारी कोशिश बताया?

हरिवंश ने कहा कि इन लोगों की पहचान होनी चाहिए और देश की जनता को इस मामले की जांच की मांग करनी चाहिए. अगर अब तक इसकी जांच नहीं हुई है, तो इस पर जांच होनी चाहिए. हरिवंश नारायण सिंह पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के कार्यकाल में प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में अतिरिक्त सूचना सलाहकार के पद पर कार्यरत थे.

राहुल गांधी ने क्या दिया बयान?

राहुल गांधी ने सुरक्षा हटाए जाने का आरोप लगाते हुए कहा, “पूर्व प्रधानमंत्री की सुरक्षा हटाया जाना महज एक हादसा नहीं था. यह जानबूझकर किया गया था ताकि उनकी हत्या हो जाए. उनके खिलाफ ऐसा माहौल बनाया गया था कि उनकी हत्या हो. जो कुछ हो रहा था, वह स्पष्ट था.” राहुल गांधी ने कहा कि इस घटना से पहले ही सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं को लेकर उन्होंने अपने पिता और मां (सोनिया गांधी) से भी बात की थी.

ये भी पढ़ें: VIDEO: ‘तुम्हारा चाचा चोर है’ कहने पर प्रियंका गांधी ने स्कूल में लड़के को जड़ा था थप्पड़, सुनाया पुराना किस्सा