समाचार · हरियाणा
हिसार में पार्षदों की निगरानी में बनीं 17 स्पेशल कमेटियां:अमृत-2 प्रोजेक्ट में 50 किलोमीटर पेयजल लाइन बिछेगी; लघु सचिवालय में बनेगा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स
हिसार में शहरवासियों को जल्द ही खस्ताहाल सड़कों, सीवरेज ओवरफ्लो, गंदे पानी की सप्लाई और बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों से निजात मिलने वाली है। नगर निगम की साधारण बैठक के दूसरे दिन मेयर प्रवीण पोपली और निगमायुक्त सी. जयाश्रद्धा की अध्यक्षता में जनसुविधाओं और बुनियादी ढांचे में सुधार को लेकर कई बड़े फैसले लिए गए। सदन में जनता से जुड़े मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने और अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के लिए 17 सब-कमेटियों (उप-समितियों) का गठन भी किया गया है। बजट और विकास कार्यों के वित्तीय प्रबंधन को सुचारू रखने के लिए गठित महत्वपूर्ण 'फाइनेंस कमेटी' का अध्यक्ष स्वयं मेयर प्रवीण पोपली को बनाया गया है। पेयजल और सीवरेज की समस्या होगी दूर अमृत-2 योजना: जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शहर में अमृत-2 प्रोजेक्ट के तहत करीब 50 किलोमीटर लंबी नई पेयजल लाइनें बिछाई जा रही हैं। इससे पानी की किल्लत और मिक्स वॉटर (दूषित पानी) की शिकायतें खत्म होंगी। कम पानी मिलने पर बिल राहत: पार्षद राजेश अरोड़ा के एजेंडे पर एक्शन लेते हुए मेयर ने निर्देश दिए कि जिन इलाकों में टेल (अंतिम छोर) तक पानी नहीं पहुंच रहा है, वहां के पेयजल बिलों की जांच की जाए और स्थायी समाधान होने तक उपभोक्ताओं को राहत दी जाए। जियो-टैगिंग से होगी निगरानी: सीवरेज, जीटी और मिक्स पानी की समस्याओं का समाधान करने के बाद अधिकारियों को काम की जियो-टैग्ड फोटो अपलोड करना अनिवार्य कर दिया गया है। इन तीन बिंदुओं पर भी काम होगा… अवैध कब्जों पर चलेगा पीला पंजा सेक्टर 15 और डिफेंस कॉलोनी में एचएसवीपी (HSVP) की सड़कों, ग्रीन बेल्ट, पार्किंग एरिया और अनसोल्ड प्रॉपर्टी पर हुए अवैध कब्जों की जांच के आदेश दिए गए हैं। जमीन की मलकियत साबित होते ही तुरंत कब्जे हटाए जाएंगे। ग्रीन बेल्ट से अवैध रास्ते बनाने वालों पर लगाम कसने के लिए फिलहाल अस्थायी बैरिकेड्स लगाए जाएंगे। सड़क और स्ट्रीट लाइट का कायाकल्प बस स्टैंड के पास की जर्जर सड़क का निर्माण अगले 10 से 15 दिनों के भीतर पूरा करने का आश्वासन दिया गया है। नेशनल हाईवे-9 (कैंट क्षेत्र) में बंद पड़ी लाइटों का मुद्दा सुलझाने के लिए नगर निगम प्रस्ताव बनाकर सरकार को भेजेगा, ताकि बिजली बिल के बकाए और ठेकेदार से जुड़े विवाद का निपटारा कर नई लाइटें चालू की जा सकें। पार्षदों की सीक्रेट रिपोर्ट पर पुलिस करेगी स्ट्राइक शहर में अवैध हाथों, नशा बेचने वालों और सार्वजनिक स्थानों पर हुक्का पीने वालों पर शिकंजा कसने के लिए डीएसपी ने सभी पार्षदों से लिखित में चयनित स्थानों की जानकारी मांगी है। पार्षदों द्वारा दी गई सूचना गुप्त रखी जाएगी और संबंधित एसएचओ के साथ मिलकर सीधी कार्रवाई की जाएगी। शिक्षा, स्वास्थ्य और जन कल्याण की पहल सेक्टर 1 में बनेगा सीनियर सेकेंडरी स्कूल: सेक्टर 1 में स्पेशल स्कूल/वृद्धाश्रम की आरक्षित जमीन पर अब सीनियर सेकेंडरी स्कूल का निर्माण कराया जाएगा। सदन ने इसका प्रस्ताव पारित कर शिक्षा विभाग को भेजने का निर्णय लिया है। लघु सचिवालय में बनेगा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स: लघु सचिवालय कॉलोनी में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाने का प्रस्ताव पास कर अनुमति के लिए सरकार को भेजा जाएगा। आवारा पशुओं से राहत: कमिश्नर आवास, संत कबीर छात्रावास और बड़े पार्क के पास कैटल कैचर बनाए जाएंगे। फाइल एसीएस स्तर पर पेंडिंग है, जिसकी मंजूरी मिलते ही काम शुरू होगा।