Sunday, 9 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

सिवनी में विश्व आदिवासी दिवस पर निकली रैली:वक्ता बोले- पारंपरिक जीवनशैली अपनाएं, शिक्षा-इलाज अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे

INT News9 August 2026 at 05:58 pm

सिवनी में विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति और परंपरा देखने को मिली। जिला स्तरीय सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम में जिलेभर से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत दलसागर टापू पर पूजा-गोंगो के साथ हुई। इस दौरान समाज के महापुरुषों और राजा दलपत शाह को फूल-मालाएं पहनाकर उन्हें नमन किया गया। इसके बाद दोपहर में रानी दुर्गावती चौक से एक रैली निकाली गई। पारंपरिक पहनावे में सजे महिला-पुरुष और युवा ढोल-मादल की धुन पर नाचते-गाते शहर के प्रमुख रास्तों से गुजरे। रैली में समाज की एकता और सांस्कृतिक पहचान की अनूठी झलक दिखाई दी। शाम को दलसागर चौपाटी पर सांस्कृतिक कार्यक्रम शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक दलसागर चौपाटी पर नाइट स्टेज शो का आयोजन रखा गया, जिसमें लोकनृत्य, लोकगीत और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण रहीं। विकास योजनाओं में स्थानीय जरूरतों को मिले महत्व अधिवक्ता महेंद्र शाह मर्सकोले ने कहा कि विकास योजनाओं में स्थानीय जरूरतों और पारंपरिक जीवनशैली को तवज्जो मिलनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि पढ़ाई, इलाज, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं का फायदा समाज के आखिरी व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। पूरे जिले में मना उत्सव, प्रकृति संरक्षण का संदेश धनोरा, घंसौर, बरघाट, केवलारी, लखनादौन, कुरई और छपारा विकासखंडों में भी आदिवासी दिवस के कार्यक्रम हुए। आदिवासी समाज की प्रकृति से जुड़ी जीवनशैली और जल, जंगल, जमीन को बचाने की सोच पर्यावरण संरक्षण का बड़ा संदेश देती है। यह दिन सिर्फ एक उत्सव नहीं, बल्कि समाज के अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और विकास पर विचार करने का अवसर भी है। दूरस्थ इलाकों में बेहतर सुविधाएं पहुंचाना अब भी चुनौती है, लेकिन पढ़ाई के प्रसार के साथ युवा हर क्षेत्र में आगे बढ़कर जिले का नाम रोशन कर रहे हैं।