समाचार · मध्य प्रदेश
अस्मिता लीग साउथ जोन कैनोइंग-कयाकिंग में मध्य प्रदेश ओवरऑल चैंपियन:38 पदक जीतकर किया दबदबा कायम, इनमें 16 स्वर्ण, 17 रजत और 5 कांस्य पदक शामिल
मध्यप्रदेश राज्य कैनोइंग एवं कयाकिंग अकादमी के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए अस्मिता लीग साउथ ज़ोन कैनोइंग एवं कयाकिंग चैंपियनशिप-2026 में ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया है। आंध्रप्रदेश के विशाखापट्टनम स्थित गंबरमगेड्डा रिजर्वायर में 4 और 5 जुलाई को आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 38 पदक जीते। इनमें 16 स्वर्ण, 17 रजत और 5 कांस्य पदक शामिल हैं। प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश ने सर्वाधिक पदक जीतकर पदक तालिका में पहला स्थान हासिल किया। खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में तकनीकी दक्षता, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय देते हुए अन्य राज्यों को पीछे छोड़ दिया। लगातार राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में मिल रही सफलताओं ने एक बार फिर साबित किया है कि प्रदेश की कैनोइंग एवं कयाकिंग अकादमी देश की अग्रणी खेल अकादमियों में अपनी मजबूत पहचान बना चुकी है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि यह सफलता खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत के साथ-साथ अकादमी में उपलब्ध उच्च स्तरीय प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाओं और सुनियोजित तैयारी का परिणाम है। पिछले कुछ वर्षों में जल क्रीड़ाओं में मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों का प्रदर्शन लगातार बेहतर हुआ है, जिसका असर अब राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। इस उपलब्धि पर प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ को बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश के खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी मध्यप्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे। प्रदेश के खिलाड़ियों का यह प्रदर्शन युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायी माना जा रहा है। यह उपलब्धि बताती है कि समर्पण, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट सफलता हासिल की जा सकती है।