Wednesday, 19 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

जालंधर के इंडस्ट्रियल एरिया में स्नेचिंग:मोबाइल छीनकर भाग रहे शातिर चोर को लोगों ने पीछा कर दबोचा, खंभे से बांधकर की जमकर धुनाई

INT News19 August 2026 at 05:46 pm

जालंधर के इंडस्ट्रियल एरिया में मोबाइल छीनकर भाग रहे एक लुटेरे को लोगों ने रंगे हाथों दबोच लिया। थाना 1 के अधीन आते इस इलाके में गुस्साए लोगों ने आरोपी को बिजली के खंभे से बांध दिया और जमकर धुनाई कर दी। घटना के दौरान मौके पर भारी हंगामा हुआ, जिसके बाद सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पहुंचकर स्थिति को संभाला और आरोपी को कस्टडी में लिया। घटना के समय पीड़ित विजय कुमार अपनी साइकिल पर सवार होकर लंच करने के लिए घर जा रहा था। जब वह राम नगर फाटक के पास पहुंचा, तो पीछे से आए एक बाइक सवार युवक ने पलक झपकते ही उसकी जेब से मोबाइल फोन निकाल लिया और मौके से फरार होने लगा।

स्थानीय लोग के सहयोग से आरोपी को किया काबू अचानक हुई इस वारदात के बाद विजय कुमार ने तुरंत अपने साथी की मदद ली और बाइक सवार लुटेरे का पीछा करना शुरू कर दिया। कुछ ही दूरी पर लोगों के सहयोग से आरोपी को घेरकर काबू कर लिया गया। पकड़े जाने के बाद गुस्साई भीड़ ने उसे एक खंभे से बांध दिया और उसकी धुनाई कर दी।

नशे के लिए आरोपी ने वारदात को दिया अंजाम पकड़े गए आरोपी की पहचान रंजीत के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान रंजीत ने अपना जुर्म कबूल करते हुए दावा किया कि उसने पहली बार इस तरह की वारदात को अंजाम दिया है। उसने बताया कि वह नशा करने का आदी है और नशे की पूर्ति के लिए ही उसने यह कदम उठाया। आरोपी रंजीत के अनुसार, यह चोरी उसने आशु नाम के एक व्यक्ति के उकसाने पर की थी। आशु संजय गांधी नगर की गली नंबर 6 का रहने वाला है और सब्जी मंडी में काम करता है। रंजीत ने आरोप लगाया कि आशु उससे जबरन अपराध करवाता है और बात न मानने पर शटर बंद करके उसकी पिटाई भी करता है। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने उस काले रंग की स्पलेंडर मोटरसाइकिल (PB 08 FY 0329) को भी कब्जे में ले लिया, जिस पर सवार होकर आरोपी वारदात को अंजाम दे रहा था। स्थानीय लोगों ने बाइक के असल मालिक को भी मौके पर बुलाया ताकि मामले की सच्चाई सामने आ सके।

घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस घटना की पूरी जानकारी तुरंत थाना 1 की पुलिस को दी गई। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को अपनी हिरासत में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि बाइक के कागजातों और आरोपी के बयानों की जांच की जा रही है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।