समाचार · मध्य प्रदेश
उज्जैन में झमाझम बारिश से शहर तरबतर:दिन में 17 मिमी बारिश दर्ज, दिन और रात के तापमान में 8 डिग्री का अंतर
उज्जैन में मंगलवार को मौसम ने एक बार फिर करवट ली और दिन में हुई तेज झमाझम बारिश से पूरा शहर तरबतर हो गया। मौसम विभाग के अनुसार, दिनभर में शहर में करीब 0.66 इंच (लगभग 17 मिमी) बारिश दर्ज की गई है। इस तेज बारिश के कारण शहर के कई निचले इलाकों और प्रमुख मार्गों पर जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस सीजन में अब तक कुल 16 इंच बारिश हो चुकी है। सड़कों पर भरा पानी, थमी रफ्तार दोपहर में अचानक घिरे काले बादलों के बाद शुरू हुआ तेज बारिश का दौर करीब एक घंटे तक जारी रहा। तेज बारिश के कारण सड़कों पर दृश्यता कम हो गई और वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया। शहर के व्यस्ततम चौराहों और कॉलोनियों में पानी जमा होने से पैदल चलने वालों को खासी मशक्कत करनी पड़ी। हालांकि, इस बारिश ने पिछले कुछ दिनों से जारी उमस और भीषण गर्मी से नागरिकों को बड़ी राहत भी दी है। तापमान का अंतर घटा बारिश के लगातार दौर के चलते दिन और रात के पारे में भारी गिरावट आई है। मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात का न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन और रात के तापमान में मात्र 8 डिग्री का अंतर रहने के कारण हवा में ठंडक घुल गई है और मौसम सुहाना बना हुआ है। मौसम विभाग ने आने वाले 24 घंटों में भी शहर और आसपास के क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है।