समाचार · छत्तीसगढ़
कोरबा के बजाज फाइनेंस कर्मचारी ने की लाखों की ठगी:किस्त और लोन क्लोजर की रकम कंपनी के बजाय निजी खाते में लेने का आरोप
कोरबा के बजाज फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी शशांक सिंह पर लोगों को लोन दिलाने और बाद में उसे बंद कराने के नाम पर लाखों रुपए की धोखाधड़ी करने का आरोप लगा है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि शशांक ने लोन की किस्त या खाता बंद कराने के लिए रकम अपने निजी खाते में जमा कराई, लेकिन उसे कंपनी के लोन खाते में जमा नहीं किया। अब तक तीन मामलों में करीब 10 लाख रुपए की धोखाधड़ी की शिकायत सामने आ चुकी है। बालको पुलिस ने एक मामले में अमानत में खयानत और दूसरे मामले में धोखाधड़ी का अपराध दर्ज किया है। महिला से करीब 2 लाख रुपए लेने का आरोप बालको क्षेत्र की एक महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। महिला के मुताबिक, शशांक ने लोन की किस्त जमा करने या खाता बंद कराने के नाम पर उनसे करीब 2 लाख रुपए अपने निजी खाते में जमा करा लिए। बाद में पता चला कि रकम उनके लोन खाते में जमा ही नहीं हुई। शिकायत के आधार पर बालको पुलिस ने शशांक सिंह के खिलाफ अमानत में खयानत का मामला दर्ज किया है। 5 लाख रुपए लेकर भी लोन बंद नहीं कराया इसी तरह बजरंग चौक राताखार निवासी संदीप सिंह ने भी पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। संदीप दीनदयाल मार्केट, पावर हाउस रोड पर जूस सेंटर चलाते हैं। उनके अनुसार, उन्होंने जुलाई 2025 में बजाज फाइनेंस से 5 लाख 49 हजार 856 रुपए का लोन लिया था। इसकी मासिक किस्त 14 हजार 164 रुपए और अवधि 63 महीने तय थी। शिकायत के मुताबिक, शशांक खुद को बजाज फाइनेंस का अधिकृत कर्मचारी बताकर संदीप के जूस सेंटर पहुंचा। उसने कहा कि लंबी अवधि तक किस्त चुकाने के बजाय यदि वे 5 लाख रुपए एकमुश्त दे दें, तो वह उनका लोन बंद करा देगा। संदीप ने भरोसा करते हुए 4 अगस्त 2025 को 1 लाख रुपए और 18 अगस्त को 2 लाख रुपए के स्वहस्ताक्षरित चेक शशांक को दिए। दोनों चेक भुना लिए गए। इसके अलावा संदीप ने उसे 2 लाख रुपए नकद भी दिए। इस तरह कुल 5 लाख रुपए लेने के बावजूद लोन बंद नहीं कराया गया। इसके बाद संदीप ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की, जिस पर बालको पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया। दस्तावेज लेने का भी आरोप, आरोपी फरार शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि शशांक ने लोन बंद कराने के बहाने आधार कार्ड सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज भी लिए थे। इससे उनके दुरुपयोग की आशंका जताई जा रही है। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के मुताबिक, महिला की शिकायत पर बालको थाने में अपराध दर्ज होने के बाद से शशांक फरार है। पुलिस को उसके दिल्ली में छिपे होने की जानकारी मिली है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।