समाचार · हरियाणा
कैथल में बाकल के सरपंच को विदेशी नंबर से धमकी:आरोपी बोले-सरपंची छोड़ दे, नहीं तो जान से मार देंगे
कैथल के गांव बाकल के सरपंच नरेंद्र सिंह को अज्ञात आरोपी ने मोबाइल पर कॉल करके जान से मारने की धमकी दी है। आरोपी ने अमेरिका के एक नंबर से कॉल करके यह धमकी दी है। धमकी में सरपंच को यह भी कहा गया है कि उसे मारने के लिए आरोपियों को सुपारी दी गई है। या तो वह सरपंच का पद छोड़ दे नहीं तो उसे जान से मार देंगे। इस संबंध में सरपंच ने पूंडरी थाना में शिकायत भी दी है। सरपंच ने आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। सरपंची छोड़ने के लिए कहा गांव बाकल के सरपंच नरेंद्र सिंह ने बताया कि दो दिन पहले दोपहर लगभग 12:57 बजे उसके मोबाइल नंबर पर विदेशी मोबाइल नंबर से एक फोन कॉल प्राप्त हुई। फोन करने वाले अज्ञात व्यक्ति ने उसे धमकी देते हुए कहा कि बाकल की सरपंची छोड़ दे, तेरे पास केवल दो दिन का समय है, अन्यथा तुझे जान से मार दिया जाएगा। आरोपी ने कहा- हम जो बोलते हैं, वही करते हैं साथ ही धमकी देने वाले व्यक्ति ने कहा कि तुझे जान से मारने के लिए बहुत बड़ी रकम की फिरौती (सुपारी) देने का ऑफर आया है। उसने स्वयं को एसके बाबा ग्रुप से संबंधित बताया और धमकी देते हुए कहा कि "हम जो बोलते हैं, वही करते हैं। इसके बाद उसने फोन काट दिया। सरपंच ने कहा कि धमकी अत्यंत गंभीर एवं चिंताजनक है। इस घटना के कारण उसे अपनी जान-माल की सुरक्षा को लेकर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। उसे आशंका है कि उक्त व्यक्ति अथवा उसके गिरोह के सदस्य उसके साथ कोई अप्रिय घटना कर सकते हैं। सरपंच ने मांग की है कि आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ा जाए। पूंडरी थाना एसएचओ सुनील कुमार ने बताया कि इस संबंध में पुलिस के पास शिकायत आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।