Monday, 9 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

भिवानी में बनेंगे 4 नए बाइपास:₹400 करोड़ में 220 हेक्टेयर जमीन होगी अधिग्रहित; मार्च तक टेंडर की उम्मीद

INT News9 November 2026 at 06:28 am

भिवानी जिले को जल्द ही 4 नए बाइपास की सौगात मिलने जा रही है। इनमें भिवानी शहर का बाइपास (तिगड़ाना मोड़ से देवसर तक), गांव लोहानी, जुई और लोहारू के बाइपास शामिल हैं। करीब 30 किलोमीटर लंबे इन चारों बाइपास को सरकार से मंजूरी मिल चुकी है। इनके बनने से वाहन चालकों को शहरों और कस्बों के अंदर से गुजरने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे ट्रैफिक का दबाव कम होगा और दूसरे जिलों में जाने वाले लोगों को भी राहत मिलेगी। इन चारों बाइपास में सबसे लंबा भिवानी का बाइपास होगा, जिसकी लंबाई करीब 11 किलोमीटर है। वहीं लोहारू बाइपास 10.7 किलोमीटर, जुई बाइपास 5.5 किलोमीटर और गांव लोहानी बाइपास 2.7 किलोमीटर लंबा होगा। शहर के चारों ओर बनेगा भिवानी का बाइपास भिवानी शहर में बाइपास का निर्माण चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है। इसका उद्देश्य शहर के चारों ओर सड़क संपर्क तैयार करना है। अभी लोहारू रोड से हांसी रोड तक ही बाइपास का निर्माण हो पाया है। इसके जरिए लोहारू रोड को चरखी दादरी रोड, रोहतक रोड, महम रोड और हांसी रोड से जोड़ा गया है। अब हांसी रोड को लोहारू रोड से जोड़ने के लिए करीब 11 किलोमीटर लंबे बाइपास का निर्माण किया जाएगा। यह तिगड़ाना मोड़ से देवसर तक बनेगा। इसके पूरा होने के बाद दूसरे जिलों की ओर जाने वाले वाहन चालकों को शहर के अंदर प्रवेश नहीं करना पड़ेगा। इससे शहर में ट्रैफिक का दबाव भी कम होगा। 220 से 222 हेक्टेयर जमीन का होगा अधिग्रहण एनएचएआई के साइट इंजीनियर राजेश पांडे ने बताया कि भिवानी जिले में चार बाइपास बनाए जाएंगे। इनके निर्माण के लिए करीब 220 से 222 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जाना है। जमीन अधिग्रहण पर करीब 350 से 400 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि भूमि अधिग्रहण के बाद 3डी मैपिंग तैयार की जाएगी और जमीन मालिकों को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। उम्मीद है कि मार्च तक चारों बाइपास के निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिए जाएंगे। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। हांसी रोड से लोहारू रोड तक बनेगा बाइपास भिवानी के विधायक घनश्याम सर्राफ ने बताया कि हांसी रोड से लोहारू रोड को जोड़ने वाले बाइपास के लिए 92 करोड़ रुपए जारी हो चुके हैं। इस बाइपास का निर्माण जल्द शुरू कराया जाएगा। यह हांसी रोड पर खरकड़ी गांव के पास से शुरू होकर लोहारू रोड तक पहुंचेगा। विधायक के अनुसार, बाइपास बनने से वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। चारों बाइपास तैयार होने के बाद भिवानी जिले में सड़क कनेक्टिविटी बेहतर होगी और लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।