समाचार · पंजाब
5 मर्डर केस का आरोपी फर्जी पासपोर्ट बनाकर विदेश पहुंचा:पंजाब पुलिस ने 10 महीने पीछा किया, तुरंत बदला था देश, इथियोपिया से डिपोर्ट करवाया
पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने डोनी बल और प्रभ दासूवाल गैंग के प्रमुख सरगना गुरविंदर सिंह उर्फ अफरीदी को इथियोपिया से डिपोर्ट करवाया है। यह पहला मामला है, जब पंजाब पुलिस किसी आरोपी को अफ्रीकी देश से डिपोर्ट कर भारत लाई है। शुरुआती जांच में आरोपी के पांच आपराधिक मामलों में शामिल होने की पुष्टि हुई है। पुलिस को आशंका है कि जांच आगे बढ़ने पर उसके कई और अपराधों का खुलासा हो सकता है। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव के मुताबिक, आरोपी ने विदेश भागने के लिए दो पासपोर्ट बनवाए थे। इनमें से एक पासपोर्ट उसने उत्तर प्रदेश के पासपोर्ट कार्यालय से फर्जी पते के आधार पर बनवाया था। वहीं, दूसरा मैक्सिको का पासपोर्ट हासिल करने और खुद को वहां का नागरिक दिखाने की कोशिश की थी। पुलिस अब उसके फर्जी दस्तावेजों और विदेश भागने के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। अब सारी कहानी को चार पाइंट में जानिए
पंजाब में अपराध, फर्जी पहचान से विदेश भागा गुरविंदर सिंह उर्फ अफरीदी डोनी बल और प्रभ दासूवाल गैंग का प्रमुख सरगना था। पंजाब में टारगेट किलिंग, फिरौती के लिए फायरिंग और संगठित अपराध की वारदातों में उसकी भूमिका सामने आई। वह करीब 30 मामलों में वांटेड था। विदेश भागने के लिए उसने विजेंद्र सिंह के नाम से फर्जी पहचान बनाई। 12 फरवरी 2025 को गोरखपुर के पते पर यूपी पासपोर्ट ऑफिस से पासपोर्ट बनवाया। इसके बाद 31 मार्च 2025 को इसी पासपोर्ट के आधार पर भारत से फरार हो गया। यूएई से इस्तांबुल और मैक्सिको तक पहुंचा भारत से भागने के बाद आरोपी यूएई पहुंचा। इसके बाद उसकी गतिविधियां इस्तांबुल और मैक्सिको में सामने आईं। विदेश में अपनी पहचान छिपाने के लिए उसने मैक्सिको का पासपोर्ट बनवाने और खुद को वहां का नागरिक दिखाने की कोशिश की। इस दौरान वह विदेश में बैठकर पंजाब में आपराधिक गतिविधियों को कथित तौर पर निर्देशित करता रहा। CBI और इंटरपोल की मदद से तलाश, केन्या-अंगोला पहुंचा पंजाब पुलिस ने आरोपी के फर्जी पासपोर्ट और विदेश यात्रा की जानकारी CBI के साथ साझा की। उसके खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाया गया। कुल 7 इंटरपोल नोटिस जारी होने की जानकारी है। अप्रैल 2026 में वह केन्या पहुंचा और जून 2026 में वहां से अंगोला चला गया। इसके बाद इथियोपिया पहुंच गया। उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना के लिए पंजाब सरकार ने 5 लाख रुपए का इनाम भी घोषित किया था। 10 महीने के ऑपरेशन के बाद इथियोपिया से डिपोर्ट पंजाब पुलिस की AGTF और काउंटर इंटेलिजेंस की OFTEC ने केंद्रीय एजेंसियों और विदेश मंत्रालय के सहयोग से करीब 10 महीने तक ऑपरेशन शहीद चलाया। एशिया, दक्षिण अमेरिका और अफ्रीका के कई देशों में उसकी तलाश की गई। आखिरकार इथियोपिया में उसकी लोकेशन ट्रैक कर उसे डिपोर्ट करवाया गया और भारत लाया गया। पंजाब पुलिस के मुताबिक, किसी अफ्रीकी देश से आरोपी को डिपोर्ट कर भारत लाने की यह पहली ऐसी कार्रवाई है। विदेश मंत्रालय और एजेंसियों का मिला सहयोग पंजाब पुलिस ने इस अंतरराष्ट्रीय कार्रवाई में सहयोग के लिए विदेश मंत्रालय और अन्य केंद्रीय एजेंसियों का आभार जताया है। पुलिस का कहना है कि गैंगस्टर नेटवर्क को खत्म करने, संगठित अपराध रोकने और पंजाब में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए अभियान जारी रहेगा।