Tuesday, 7 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

शिवपुरी में महिला पेट्रोल बोतल लेकर कंट्रोल रूम पहुंची:ससुराल वालों पर घर से बेदखल करने का आरोप, आत्मदाह का प्रयास

INT News7 July 2026 at 02:44 pm

शिवपुरी के सईसपुरा क्षेत्र में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला अपने पति के साथ पुलिस कंट्रोल रूम पहुंची। महिला के हाथ में पेट्रोल से भरी बोतल थी और वह आत्मघाती कदम उठाने की बात कह रही थी। मौके पर मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर उससे बोतल छीनी और काफी देर तक समझाइश देकर शांत कराया। महिला ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष कम दहेज लाने का ताना देता रहा। मायके से रुपए लाने का दबाव बनाया जाता था और विरोध करने पर मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। उसका कहना है कि ससुराल पक्ष ने उसके एक लाख रुपए और सोने-चांदी के जेवर भी अपने पास रख लिए हैं और अब उन्हें लौटाने से इनकार कर रहा है। महिला का आरोप है कि उसे और उसके पति को मकान से बेदखल करने की कोशिश की जा रही है। यहां तक कि उनके इस्तेमाल वाले कॉमन शौचालय पर भी ताला लगा दिया गया है। महिला के अनुसार, जिस मकान में वे रह रहे हैं, उसका निर्माण उसके पति और ससुर की कमाई से हुआ था, लेकिन रजिस्ट्री सास के नाम कराई गई थी। अब उसी मकान से उन्हें निकालने का प्रयास किया जा रहा है। दो थानों में शिकायत का दावा, FIR नहीं होने का आरोप महिला का कहना है कि 13 अप्रैल 2026 को उसके साथ मारपीट की गई थी। उसने पहले फिजिकल थाना और फिर महिला थाना में शिकायत की, लेकिन एफआईआर दर्ज नहीं की गई। इसके बाद वह पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाने पहुंची। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसे और उसके पति को झूठे मामलों में फंसाने की धमकियां दी जा रही हैं। पति बोला- दो दिन से लगा रहे थे गुहार महिला के पति का कहना है कि वह पिछले दो दिनों से पुलिस अधीक्षक कार्यालय के चक्कर लगा रहा था, लेकिन शिकायत पर कोई सुनवाई नहीं हुई। उसने दावा किया कि जिस मकान से उन्हें बेदखल किया जा रहा है, उसके निर्माण में उसकी मेहनत और कमाई का पैसा लगा है। कार्रवाई नहीं होने से परेशान होकर वे मंगलवार को कंट्रोल रूम पहुंचे, जहां महिला अपने साथ पेट्रोल से भरी बोतल लेकर पहुंची। पुलिस ने जांच शुरू की पुलिस ने महिला को समझाइश देकर शांत कराया और उसका आवेदन लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।