Monday, 14 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

दिवाली से पहले ही फ्लाइट टिकटों ने बढ़ाई टेंशन, यूपी के इस शहर से सफर हुआ महंगा, जानिए कितना बढ़ा किराया

INT News14 September 2026 at 11:35 am

UP flight Ticket Price: दिवाली अभी करीब दो महीने दूर है, लेकिन उत्तर प्रदेश के बरेली से दूसरे शहरों की हवाई यात्रा अभी से जेब पर भारी पड़ने लगी है. त्योहार पर घर लौटने की तैयारी कर रहे यात्रियों के बीच टिकटों की मांग बढ़ते ही किराये में बड़ा उछाल देखने को मिल रहा है. बरेली से बेंगलुरु और नवी मुंबई की फ्लाइट के किराये में दिवाली के आसपास दो गुने से भी ज्यादा की बढ़ोतरी दर्ज की गई है.

दिवाली पर तेजी से बढ़ा फ्लाइट का किराया

इंडिगो की वेबसाइट पर शुक्रवार को उपलब्ध किराये के अनुसार, नवी मुंबई से बरेली की फ्लाइट का सामान्य किराया करीब 6,061 रुपये है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार वहीं, छह नवंबर यानी दिवाली के आसपास इसी रूट का किराया बढ़कर 17,243 रुपये पहुंच गया है. वापसी में बरेली से नवी मुंबई के लिए 11 नवंबर की फ्लाइट का किराया 13,863 रुपये तक पहुंच चुका है. बेंगलुरु रूट पर भी यात्रियों को अधिक किराया चुकाना पड़ रहा है. 13 सितंबर को बेंगलुरु से बरेली की फ्लाइट का किराया 9,620 रुपये बताया गया है. वहीं, पांच और सात नवंबर के लिए यही किराया बढ़कर 20,960 रुपये तक पहुंच गया है. बरेली से बेंगलुरु की वापसी उड़ान का 10 नवंबर का किराया भी 16,895 रुपये हो गया है.

40 प्रतिशत बुकिंग के बाद बढ़ सकता है किराया

त्योहार के नजदीक आने के साथ हवाई टिकटों की कीमत में और बढ़ोतरी की संभावना है. एयरलाइंस में सीटों की बुकिंग बढ़ने के साथ किराया भी चरणबद्ध तरीके से बढ़ता है. बरेली एयरपोर्ट के निदेशक अवधेश अग्रवाल के अनुसार, त्योहारों के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है. ऐसे में लोग पहले से टिकट बुक कर रहे हैं. करीब 40 प्रतिशत से अधिक सीटें बुक होने के बाद किराये में तेजी आना शुरू हो जाता है.

दिल्ली-नोएडा रूट पर अभी राहत

बरेली से दिल्ली और नोएडा के लिए हवाई किराये में फिलहाल कोई खास बदलाव नहीं हुआ है. हालांकि, इन रूट पर भी सीटों की बुकिंग बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में किराया बढ़ सकता है. दिवाली पर यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए रेलवे ने भी कई स्पेशल ट्रेनों की घोषणा शुरू कर दी है. ऐसे में त्योहार पर घर जाने वाले यात्रियों के सामने ट्रेन के साथ फ्लाइट टिकट की कीमत भी एक अहम चिंता बनती जा रही है.

Also Read: दीवाली-छठ पर घर जाना है? अभी टिकट नहीं लिया तो बढ़ सकती है परेशानी, 2 महीने पहले ही फुल हुईं यूपी-बिहार की ट्रेनें