समाचार · मध्य प्रदेश
रीवा में हाथ बंधा हुआ नर कंकाल मिला:नदी में काफी दिन पड़े रहने से शव कंकाल में बदला, पहचान में जुटी पुलिस; हत्या की आशंका
रीवा में टमस नदी से सोमवार सुबह नर कंकाल मिला है। कंकाल के हाथ कपड़े से बंधे मिले हैं। घटना चाकघाट थाना क्षेत्र की है। शव काफी समय तक पानी में रहने के कारण कंकाल में बदल चुका है। हाथ बंधे होने के कारण हत्या की आशंका जताई जा रही है। कंकाल मिलने की सूचना पर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और जांच शुरू की। शव काफी पुराना होने के कारण फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के इलाकों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही कंकाल की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, कंकाल की हालत देखकर लगता है कि शव काफी समय से नदी में रहा होगा। हाथ बंधे होने के कारण पुलिस यह भी जांच कर रही है कि व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव नदी तक कैसे पहुंचा। कुछ दिन पहले सोहागी पहाड़ में मिला था शव
शव मिलने की यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब कुछ दिन पहले रीवा के ही सोहागी पहाड़ में डिलीवरी बैग के अंदर एक व्यक्ति का शव मिला था। जांच में मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के रहने वाले फोटोग्राफर के रूप में हुई थी। मामले का खुलासा उत्तर प्रदेश पुलिस ने किया था। फिलहाल चाकघाट पुलिस नर कंकाल की पहचान और मौत की वजह पता लगाने में जुटी है। जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।