समाचार · मध्य प्रदेश
गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से गूंजा भिंड:चौक-चौराहों से कॉलोनियों तक सजे पंडाल; बाजारों में रौनक
भिंड में सोमवार को गणेश चतुर्थी के साथ दस दिवसीय गणेश महोत्सव का धूमधाम से शुभारंभ हुआ। सुबह से ही गणेश प्रतिमाएं खरीदने के लिए बाजारों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। ढोल-नगाड़ों और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों के बीच लोगों ने घरों और पंडालों में भगवान गणेश की प्रतिमाएं स्थापित कीं। गणेशोत्सव के साथ बाजारों में भी रौनक नजर आई। मूर्तिकारों की दुकानों पर छोटे-बड़े आकार की गणेश प्रतिमाएं खरीदने के लिए लोग पहुंचे। श्रद्धालुओं ने अपनी पसंद की प्रतिमाएं खरीदीं और पूजा-अर्चना के बाद उन्हें घरों में स्थापित किया। कई जगह युवाओं की टोलियां ढोल-ढमाकों के साथ प्रतिमाओं को पंडालों तक लेकर पहुंचीं। चौक-चौराहों से कॉलोनियों तक सजे पंडाल गणेश महोत्सव के लिए शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और कॉलोनियों में पंडाल सजाए गए हैं। कई जगह रंग-बिरंगी रोशनी से सजावट की गई है। कुछ पंडालों में सामाजिक संदेशों पर आधारित सजावट की गई है। गोल मार्केट, किलो रोड, इटावा रोड, लश्कर रोड और अटेर रोड सहित कई इलाकों में गणेश प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। पंडालों में सुबह से रात करीब 10 बजे तक गणेश वंदना, भजन-कीर्तन और आरती हो रही है। घरों में भी विराजे गणपति सार्वजनिक पंडालों के साथ लोगों ने घरों में भी गणेश प्रतिमाएं स्थापित कीं। महिलाओं ने पूजा की थाली सजाकर मंगल गीत गाए। बच्चों ने घरों के आंगन और दीवारों पर रंगोली बनाई। परिवारों ने साथ मिलकर पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। शहर के कई निजी स्कूलों में भी गणेश चतुर्थी पर धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। गणेश महोत्सव के दौरान दस दिनों तक सुबह-शाम आरती, भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजन होंगे। कई पंडालों में सांस्कृतिक कार्यक्रम, नृत्य, नाटक और प्रतियोगिताएं भी होंगी। महोत्सव के अंतिम दिन अनंत चतुर्दशी पर गणेश प्रतिमाओं की शोभायात्रा निकालकर विसर्जन किया जाएगा। मोटे गणेश मंदिर में भी उमड़े श्रद्धालु गौरी तालाब किनारे स्थित मोटे गणेश मंदिर में भी गणेश चतुर्थी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। सुबह से मंदिर में पूजा-अर्चना का सिलसिला चलता रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और विघ्नों के नाश की कामना की। गणेश महोत्सव को लेकर प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। बिजली और पानी की आपूर्ति सुचारू रखने के लिए नगर पालिका और बिजली कंपनी का अमला भी सतर्क है।