समाचार · उत्तर प्रदेश
लाइक और व्यूज का भूत उतारा पुलिस ने, नहर में रील बना रहे युवकों की ऐसी हुई 'डक वॉक', भूल गए सारा भौकाल

UP News: सोशल मीडिया पर 'लाइक और व्यूज' का भूत युवकों पर इस कदर भारी पड़ा कि पुलिस को ऑन-द-स्पॉट अनोखा इलाज करना पड़ा. उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में कम्हारिया बंधे पर जान जोखिम में डालकर नहर में रील बना रहे करीब आधा दर्जन युवकों को मौदहा पुलिस ने रंगे हाथ धर दबोचा. पुलिस ने न सिर्फ उनका रीलबाज़ी का खुमार उतारा, बल्कि सड़क पर उनसे 'डक वॉक' (बत्तख चाल) करवाकर भविष्य के लिए सख्त हिदायत भी दे डाली.
नहर पर रील बनाने पहुंचे थे युवक
बताया जा रहा है कि कुछ युवक कम्हारिया बंधे पर नहाने के साथ रील बनाने के लिए पहुंचे थे. इस दौरान वे जान जोखिम में डालकर वीडियो बना रहे थे. मामले की जानकारी मिलने पर मौदहा पुलिस मौके पर पहुंची और युवकों को वहां से हटाया. पुलिस ने उन्हें समझाया कि नहर और बंधे के आसपास इस तरह नहाने या रील बनाने से हादसा हो सकता है.
पुलिस ने कराई ‘डक वॉक’
मौके पर पहुंची पुलिस ने युवकों को चेतावनी देने के साथ ‘डक वॉक’ कराई. इसके जरिए पुलिस ने उन्हें ऐसी खतरनाक गतिविधियों से दूर रहने का संदेश दिया. युवकों को आगे से दोबारा इस तरह रील बनाने या जान जोखिम में डालने वाली हरकत करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई.
कुछ सेकंड की रील के लिए जोखिम न लेने की अपील
पुलिस का कहना है कि नहर और बंधे के आसपास पानी में उतरने या खतरनाक तरीके से वीडियो बनाने के दौरान हादसे का खतरा बना रहता है. रील और स्टंट के चक्कर में पहले भी युवकों के हादसों का शिकार होने की बात सामने आती रही है. पुलिस की इस कार्रवाई का मकसद युवाओं को ऐसी गतिविधियों से रोकना और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना है.
Must Read- क्या आपने कभी चांद और शुक्र को गले मिलते देखा है? आज शाम गोरखपुर के आसमान में होने जा रहा है कुछ ऐसा ही जादू, जानें कब दिखेगा ये नजारा