Monday, 14 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

राघौगढ़ में 55 प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का सम्मान:1997 से जारी है सम्मान समारोह, मुनिश्री ने कहा- लक्ष्य तय कर आगे बढ़ें

INT News14 September 2026 at 11:31 am

गुना के राघौगढ़ में जैन मिलन राघौगढ़ ने सिंघई नेमीचंद जैन पारमार्थिक ट्रस्ट के सहयोग से स्व. डॉ. विनोद कुमार जैन की स्मृति में प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का सम्मान समारोह आयोजित किया। कार्यक्रम चातुर्मास कर रहे मुनि श्रमण सागर और मुनि ओंकार सागर महाराज के सानिध्य में हुआ। समारोह की शुरुआत आचार्य विद्यासागर महाराज के चित्र के सामने दीप प्रज्वलन से हुई। भारतीय जैन मिलन के विजय कुमार जैन, जैन समाज अध्यक्ष अशोक कुमार भारिल्य, सुभाष चंद्र चौधरी, जितेंद्र कुमार जैन, राजीव कुमार जैन और आकाश जैन ने दीप प्रज्वलित किया। अंतिम जैन और शिल्पा रावत ने संगीतमय पूजन का वाचन किया। 1997 से लगातार आयोजित हो रहा समारोह

आयोजकों के अनुसार यह सम्मान समारोह वर्ष 1997 से लगातार आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष कक्षा 1 से 5 तक 80 प्रतिशत और कक्षा 6 से 12 तक 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 55 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. लेशाशु जैन और उनकी माता कुशल जैन का दुपट्टा व पुष्पहार से सम्मान किया गया। मुनि श्रमण सागर महाराज ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि जीवन में सफलता के लिए पहले अपना लक्ष्य तय करें और उस पर अडिग रहें। उन्होंने अपनी स्वरचित कविता ‘पाता मंजिल वही है जिसने ठान लिया तो ठान लिया’ भी प्रस्तुत की। कार्यक्रम के आयोजन में कार्यकारी अध्यक्ष दिलीप कुमार जैन और कोषाध्यक्ष रूपेश चौधरी का सहयोग रहा। अंत में शाखा मंत्री राजीव कुमार जैन ने सभी का आभार व्यक्त किया।