समाचार · हरियाणा
बहादुरगढ़ में महिला से सोने का कड़ा झपटा:बाइक सवार दो बदमाश फरार; बादली रोड पर वाहन के इंतजार में खड़ी थी
झज्जर जिले के बहादुरगढ़ शहर में झपटमारी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। सोमवार सुबह करीब 9 बजे धनपति अंबेडकर स्टेडियम के पास बाइक सवार दो बदमाश एक महिला के हाथ से सोने का कड़ा झपटकर फरार हो गए। अचानक हुई वारदात से महिला घबरा गई और उसने शोर मचाया, लेकिन बदमाश मौके से निकल गए। जानकारी के अनुसार, महिला बादली रोड स्थित धनपति अंबेडकर स्टेडियम के पास गुभाना जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो अज्ञात युवक उसके पास पहुंचे। महिला कुछ समझ पाती, इससे पहले ही बाइक पर पीछे बैठे युवक ने उसके हाथ से सोने का कड़ा झपट लिया। वारदात के बाद दोनों बदमाश बाइक से फरार हो गए। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी जुटाई और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बाइक सवार आरोपियों की पहचान की जा सके। करीब 4-5 वारदातें सामने आ चुकी शहर में पिछले कुछ दिनों के दौरान झपटमारी की करीब 4-5 वारदातें सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही घटनाओं से लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से झपटमारी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और प्रमुख स्थानों पर गश्त बढ़ाने की मांग की है।