समाचार · पंजाब
बठिंडा कोर्ट कॉम्प्लेक्स को बम से उड़ाने की धमकी:ईमेल मिलने के बाद पुलिस ने चलाया सर्च ऑपरेशन, पहले भी कई बार मिल चुकी हैं धमकियां
बठिंडा में बुधवार को जिला कोर्ट कॉम्प्लेक्स को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई है। थाना सिविल लाइन के प्रभारी एवं एसएचओ रविंदर सिंह ने इसकी पुष्टि की है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें कोर्ट कॉम्प्लेक्स पहुंचीं और पूरे परिसर में चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। सुरक्षा के मद्देनजर कोर्ट परिसर में आने-जाने वाले लोगों और संदिग्ध सामान की जांच की गई। पुलिस ईमेल के स्रोत और इसे भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है।बठिंडा में यह पहली बार नहीं है जब किसी सरकारी संस्थान, शिक्षण संस्थान या सार्वजनिक स्थान को बम से उड़ाने की धमकी मिली हो। इससे पहले भी रेलवे स्टेशन, रेलवे ट्रैक, स्कूल, जिला अदालत, जिला प्रशासनिक परिसर और नगर निगम सहित कई स्थानों को धमकी मिल चुकी है। बार-बार धमकियों से सुरक्षा एजेंसियों की बढ़ी चिंता
बठिंडा में लगातार सामने आ रहे धमकी भरे ईमेल के कारण पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है। खास बात यह है कि इन घटनाओं में रेलवे स्टेशन, स्कूल, जिला अदालत, सरकारी कार्यालय और सार्वजनिक स्थानों को निशाना बनाने की चेतावनी दी गई है। पिछली घटनाओं में तलाशी के दौरान संदिग्ध विस्फोटक सामग्री मिलने की पुष्टि नहीं हुई थी। कुछ धमकियों को पुलिस ने फर्जी बताया था। इसके बावजूद हर बार सुरक्षा एजेंसियों को बड़े स्तर पर जांच अभियान चलाना पड़ा। ताजा कोर्ट धमकी के मामले में भी पुलिस ईमेल भेजने वाले की पहचान और धमकी की वास्तविकता की जांच कर रही है। बठिंडा में कब-कब मिली बम से उड़ाने की धमकी 20 अप्रैल 2026: रेलवे ट्रैक उड़ाने की धमकी
बठिंडा में अज्ञात ईमेल के जरिए रेलवे ट्रैक को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। ईमेल में चंडीगढ़ के एक कॉलेज को भी निशाना बनाने की बात कही गई थी। इसके बाद रेलवे स्टेशन पर पुलिस तैनात कर यात्रियों और सामान की जांच की गई। 23 अप्रैल 2026: दो स्कूलों और रेलवे स्टेशन को धमकी
बठिंडा के सेंट जेवियर स्कूल और द मिलेनियम स्कूल के अलावा रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी मिली। ईमेल मिलने के बाद दोनों स्कूल खाली करवाए गए। पुलिस, बम निरोधक दस्ते और जीआरपी ने जांच अभियान चलाया। 21 मई 2026: चार निजी स्कूल निशाने पर
शहर के चार निजी स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। इनमें दिल्ली पब्लिक स्कूल, द मिलेनियम स्कूल, पुलिस पब्लिक स्कूल और लॉर्ड रामा पब्लिक स्कूल शामिल थे। एहतियात के तौर पर बच्चों को घर भेज दिया गया। पुलिस, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते ने स्कूल परिसरों की तलाशी ली। 2 जून 2026: जिला कोर्ट कॉम्प्लेक्स को धमकी
बठिंडा के जिला कोर्ट कॉम्प्लेक्स को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। इसके बाद पुलिस ने कोर्ट परिसर, पार्किंग, कार्यालयों और सार्वजनिक स्थानों की जांच की। सुरक्षा के मद्देनजर प्रवेश और निकास के ज्यादातर गेट बंद कर दिए गए थे। प्रारंभिक तलाशी में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। 31 जुलाई 2026: रेलवे स्टेशन को फिर मिली धमकी
बठिंडा रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद जीआरपी, आरपीएफ, जिला पुलिस, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते ने संयुक्त तलाशी अभियान चलाया। प्लेटफॉर्म, पार्किंग, ट्रेनों और यात्रियों के सामान की जांच की गई। 12 अगस्त 2026: नगर निगम, अदालत और पुलिस थाने तक धमकी
नगर निगम आयुक्त की आधिकारिक ईमेल पर धमकी भरा संदेश भेजा गया। इसमें 15 अगस्त को नगर निगम कार्यालय, मेयर कार्यालय, पुलिस थाना, स्कूल और अदालत परिसर में धमाके करने की चेतावनी दी गई थी। ईमेल में दिल्ली जाने वाली ट्रेन को भी निशाना बनाने की बात कही गई थी। 26 अगस्त 2026: जिला अदालत, डीसी ऑफिस और स्कूल निशाने पर
बठिंडा के जिला कोर्ट कॉम्प्लेक्स, जिला प्रशासनिक परिसर और कुछ शिक्षण संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकी वाले ईमेल मिले। ईमेल में मुख्यमंत्री भगवंत मान को भी 5 सितंबर को बठिंडा में निशाना बनाने की धमकी दी गई थी। पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया। एसपी सिटी के अनुसार, जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली और ईमेल फर्जी पाए गए। 3 सितंबर 2026: जिला परिषद और कोर्ट कॉम्प्लेक्स को धमकी
मुख्यमंत्री भगवंत मान के बठिंडा दौरे से पहले जिला परिषद कार्यालय और जिला कोर्ट कॉम्प्लेक्स को अलग-अलग धमकी भरे ईमेल मिले। जिला परिषद परिसर की लाइब्रेरी खाली करवाई गई और पुलिस ने एंटी-सबोटाज चेकिंग की। इससे पहले 26 अगस्त को भी इसी तरह की धमकियां मिली थीं।