समाचार · पंजाब
रूपनगर में दो दिन कलम छोड़ो-कंप्यूटर बंद हड़ताल करेंगे कर्मचारी:डीसी कार्यालय के बाहर गेट रैली कर सरकार के खिलाफ जताया रोष
पंजाब स्टेट मिनिस्टीरियल सर्विस यूनियन की जिला इकाई ने अपनी लंबित मांगों को लेकर संघर्ष तेज करने का ऐलान किया है। यूनियन के आह्वान पर 5 और 6 नवंबर को जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में कलम छोड़ो-कंप्यूटर बंद हड़ताल की जाएगी। इससे पहले बुधवार को विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने डिप्टी कमिश्नर कार्यालय के बाहर गेट रैली कर पंजाब सरकार के खिलाफ रोष जताया। यूनियन नेताओं ने कहा कि कर्मचारी और पेंशनर लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से अब तक यूनियन के साथ बातचीत के लिए कोई बैठक नहीं की गई है। इससे कर्मचारियों में रोष बढ़ रहा है। इससे पहले मंगलवार को भी कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अर्थी फूंककर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया था। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में पुरानी पेंशन योजना बहाल करना, महंगाई भत्ते की लंबित किस्तें जारी करना और प्रोबेशन अवधि के दौरान पूरा वेतन देना शामिल है। इसके अलावा 15 जनवरी 2015 और 17 जुलाई 2020 के पत्र रद करने तथा पेंशनरों को 2.59 का गुणांक देने की मांग भी उठाई गई। यूनियन नेताओं ने कच्चे कर्मचारियों को नियमित करने और मिड-डे मील वर्करों के लिए न्यूनतम वेतन लागू करने की मांग भी की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया और अपना रवैया नहीं बदला तो आने वाले दिनों में संघर्ष और तेज किया जाएगा। इस मौके पर जिला प्रधान अमरजीत सिंह ग्रेवाल, जनरल सचिव अमनदीप सिंह, चेयरमैन जसविंदर कौर, मनोज कुमार, कर्मवीर सिंह, जगतार सिंह गिल, ज्ञान सिंह घनौली, परमिंदर सिंह, नरेंद्र सिंह, प्रिंसपाल, कुलविंदर कौर, सिकंदर सिंह, प्रदीप सिंह, हरप्रीत सिंह और सतनाम कौर सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी व पदाधिकारी मौजूद रहे।