sports
नंबर-11 पर उतरे ब्लेयर टिकनर ने मचाया तहलका, अर्शदीप के एक ओवर में जड़े 3 छक्के; बना डाला वर्ल्ड रिकॉर्ड

Blair Tickner Record: भारत के खिलाफ पहले वनडे में न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज ब्लेयर टिकनर ने अपनी बल्लेबाजी से सबको चौंका दिया. ऑकलैंड के ईडन पार्क में बुधवार को खेले गए मुकाबले में नंबर-11 पर बल्लेबाजी करने उतरे टिकनर ने 23 गेंदों में 34 रन ठोक दिए. उनकी इस पारी में एक चौका और चार छक्के शामिल रहे.
खास बात यह रही कि चार में से तीन छक्के उन्होंने भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के आखिरी ओवर में लगाए. इस धमाकेदार पारी के साथ टिकनर ने वनडे क्रिकेट में नंबर-11 बल्लेबाज के तौर पर एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली.
नंबर-11 पर उतरकर टिकनर ने की चौकों-छक्कों की बरसात
न्यूजीलैंड की पारी लड़खड़ा चुकी थी. टीम ने 146 रन के स्कोर पर अपना नौवां विकेट गंवा दिया था. ऐसे मुश्किल समय में ब्लेयर टिकनर बल्लेबाजी के लिए आए. उनसे ज्यादा उम्मीद नहीं थी, लेकिन उन्होंने भारतीय गेंदबाजों पर हमला बोल दिया.
टिकनर ने 23 गेंदों का सामना करते हुए 34 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने चार छक्के और एक चौका लगाया. अर्शदीप सिंह के पारी के आखिरी ओवर में टिकनर ने लगातार बड़े शॉट लगाए और तीन छक्के जड़ दिए. उनकी इस बल्लेबाजी ने न्यूजीलैंड को 185 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई.
ये भी पढ़ें: Video: विराट कोहली ने एक हाथ से लपका हैरतअंगेज कैच, 37 की उम्र में भी युवाओं को किया फेल
मोहम्मद आमिर और नसीम शाह के रिकॉर्ड की बराबरी
ब्लेयर टिकनर ने चार छक्के लगाकर वनडे की एक पारी में नंबर-11 बल्लेबाज के तौर पर सबसे ज्यादा छक्के लगाने के रिकॉर्ड की बराबरी की. उनसे पहले पाकिस्तान के मोहम्मद आमिर और नसीम शाह भी यह कारनामा कर चुके हैं.
वनडे में नंबर-11 बल्लेबाज के सबसे ज्यादा छक्के
न्यूजीलैंड के लिए शेन बॉन्ड का रिकॉर्ड भी तोड़ा
टिकनर ने न्यूजीलैंड के लिए नंबर-11 पर बल्लेबाजी करते हुए एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया. इससे पहले यह रिकॉर्ड पूर्व तेज गेंदबाज शेन बॉन्ड के नाम था. उन्होंने 11 जनवरी 2003 को ऑकलैंड में ही भारत के खिलाफ 15 गेंदों पर नाबाद 31 रन बनाए थे. इस पारी में उन्होंने तीन छक्के लगाए थे.
न्यूजीलैंड को मुश्किल से निकाला
टिकनर ने जैकब डफी के साथ मिलकर आखिरी विकेट के लिए 31 गेंदों में 39 रन की साझेदारी की. डफी 21 गेंदों पर 15 रन बनाकर नाबाद रहे. दोनों की इस साझेदारी की बदौलत न्यूजीलैंड 146/9 के स्कोर से निकलकर 185 रन तक पहुंच सका. पूरी टीम 40.2 ओवर में ऑलआउट हो गई.
न्यूजीलैंड की ओर से टिम साइफर्ट ने सबसे ज्यादा 43 गेंदों पर 38 रन बनाए, जबकि ग्लेन फिलिप्स ने 30 रन का योगदान दिया. भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने चार विकेट झटके. गुरनूर बराड़ को तीन और अंशुल कंबोज को दो विकेट मिले. टिकनर की पारी ने मुकाबले में न्यूजीलैंड को वापसी का मौका जरूर दिया.
ये भी पढ़ें: विराट कोहली ने रचा इतिहास, ODI में नंबर-3 पर ऐसा करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने