समाचार · बिहार
Watch Video: 'EVM खराब तो दें इस्तीफा', सभा में सांसद पप्पू यादव पर बरसे असम CM हिमंत बिस्वा शर्मा

पूर्णिया में भारतीय जनता पार्टी की 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा के दौरान आयोजित विशाल जनसभा में असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा शर्मा ने विरोधियों पर जोरदार हमला बोला. अपने संबोधन के दौरान उन्होंने पूर्णिया के स्थानीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव को सीधे निशाने पर लिया और कड़े तेवरों में उनके इस्तीफे की मांग कर डाली.
'EVM से जीते हैं तो दें इस्तीफा'—असम सीएम का सीधा सवाल
असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा शर्मा ने सभा में मौजूद जनसमूह से सीधा सवाल पूछते हुए कहा कि पप्पू यादव ईवीएम से चुनाव जीते हैं या बैलेट पेपर से? इस पर सभा स्थल पर मौजूद भीड़ ने एक स्वर में जवाब दिया—'ईवीएम से'. जनता के इस जवाब पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर विपक्ष और सांसद के अनुसार ईवीएम से चुनाव खराब या संदेहास्पद है, तो फिर नैतिकता के आधार पर पप्पू यादव को तुरंत अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए.
सियासी बयानबाजी के निकाले जा रहे गहरे मायने
गौरतलब है कि बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ दिल्ली के थाने में शिकायत दर्ज कराने और श्रीकृष्ण के सम्मान का मुद्दा उठाने के बाद से सांसद पप्पू यादव लगातार राजनीतिक चर्चा के केंद्र में बने हुए हैं. ऐसे गर्म सियासी माहौल के बीच पूर्णिया की धरती से असम के मुख्यमंत्री द्वारा सांसद पर सीधे किए गए इस तीखे जुबानी हमले के कई बड़े राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं.