समाचार · बिहार
बिहार MLC चुनाव में हार के बाद एक्शन में JDU, बुलाई बड़ी बैठक, इन मुद्दों पर होगा मंथन

JDU Meeting: बिहार विधान परिषद चुनाव के नतीजों ने जनता दल यूनाइटेड (JDU) की चिंता बढ़ा दी है. चार सीटों पर हुए चुनाव में पार्टी को तीन सीटों पर हार का सामना करना पड़ा. सिर्फ पटना स्नातक सीट पर नीरज कुमार जीत दर्ज कर सके. अब इन नतीजों के बाद पार्टी नेतृत्व ने हार के कारणों की पड़ताल करने का फैसला किया है. इसके लिए गुरुवार, 5 नवंबर को पटना स्थित पार्टी कार्यालय में समीक्षा बैठक बुलाई गई है. बैठक में पार्टी के बड़े नेता, चुनाव जीतने और हारने वाले उम्मीदवारों के साथ संबंधित जिलों के अध्यक्ष भी शामिल होंगे.
संजय झा और उमेश कुशवाहा की मौजूदगी में होगी समीक्षा
जेडीयू की इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा करेंगे. इसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे. चुनाव में उतरे सभी उम्मीदवारों को बैठक में बुलाया गया है. संबंधित जिलों के अध्यक्षों को भी अपनी रिपोर्ट के साथ शामिल होने को कहा गया है.
पार्टी नेतृत्व चुनाव के नतीजों को गंभीरता से ले रहा है. बैठक में हर सीट पर पार्टी के प्रदर्शन की समीक्षा होगी. इसके साथ ही संगठन की भूमिका और चुनाव प्रचार के दौरान सामने आई कमियों पर भी चर्चा की जाएगी.
कहां कमजोर पड़ा संगठन, हार के लिए कौन जिम्मेदार?
विधान परिषद चुनाव में तीन सीटों पर मिली हार के बाद जेडीयू अब अंदरूनी कमियों का पता लगाना चाहती है. पार्टी यह जानने की कोशिश करेगी कि किन इलाकों में संगठन ने अपेक्षा के मुताबिक काम नहीं किया. चुनावी रणनीति में कहां चूक हुई और उम्मीदवारों को किन चुनौतियों का सामना करना पड़ा.
जिला अध्यक्षों की रिपोर्ट इस बैठक में अहम हो सकती है. उनके जरिए स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता, चुनावी माहौल और सहयोगी दलों के साथ तालमेल की जानकारी ली जाएगी. चुनाव के दौरान जिन नेताओं की भूमिका पर सवाल उठे हैं, उनकी जिम्मेदारी पर भी चर्चा होने की संभावना है.
सारण शिक्षक और तिरहुत स्नातक सीट पर हार की होगी पड़ताल
सारण शिक्षक और तिरहुत स्नातक सीट पर जेडीयू उम्मीदवारों की हार पार्टी के लिए बड़ा सवाल है. इन दोनों सीटों पर चुनावी नतीजों को लेकर पार्टी के भीतर मंथन हो सकता है.
चुनाव के दौरान जेडीयू उम्मीदवारों की ओर से सहयोगी दलों के समर्थन को लेकर भी सवाल उठाए गए थे. ऐसे में बैठक में गठबंधन के भीतर तालमेल की स्थिति पर चर्चा हो सकती है. पार्टी नेतृत्व यह समझना चाहेगा कि सहयोगी दलों के साथ समन्वय की कमी का नतीजों पर कितना असर पड़ा.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
पटना स्नातक सीट पर जीत के बाद भी अनंत सिंह का विवाद चर्चा में
पटना स्नातक सीट पर नीरज कुमार ने जीत दर्ज की, लेकिन यह सीट भी चुनाव के दौरान विवादों से घिरी रही. चुनाव को लेकर नीरज कुमार ने शिकायतें की थीं. वहीं, मोकामा विधायक अनंत सिंह ने खुले तौर पर उनके विरोध का ऐलान किया था.
अनंत सिंह ने जेडीयू की बैठक में भी नीरज कुमार के लिए वोट नहीं मांगने की बात कही थी. पार्टी ने इसे पार्टी विरोधी गतिविधि मानते हुए उन्हें छह साल के लिए निष्कासित कर दिया था. उनकी पत्नी नीलम देवी की सदस्यता भी वापस ले ली गई.
अब समीक्षा बैठक में पटना स्नातक सीट के चुनावी घटनाक्रम पर भी चर्चा हो सकती है. पार्टी यह भी समझने की कोशिश करेगी कि अंदरूनी विरोध का चुनाव पर क्या असर पड़ा.
तीन सीटों पर हार के बाद जेडीयू के सामने संगठन मजबूत करने की चुनौती
विधान परिषद चुनाव के नतीजों ने जेडीयू के सामने संगठन और चुनावी रणनीति को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं. पटना स्नातक सीट की जीत के बावजूद तीन सीटों पर मिली हार पार्टी के लिए चिंता का विषय है.
ऐसे में 5 नवंबर की बैठक को काफी अहम माना जा रहा है. इस दौरान सिर्फ हार-जीत के आंकड़ों पर ही नहीं, बल्कि भविष्य में चुनावी चुनौतियों से निपटने की रणनीति पर भी चर्चा हो सकती है.
Also Read: 'खान सर मुझे कभी भी मरवा सकते हैं', रौशन आनंद का सनसनीखेज दावा, अनंत सिंह का नाम लेकर कही ये बात