समाचार · उत्तर प्रदेश
कमरे पर लगा था ताला, अंदर 2 दिन तक पड़ा रहा लिव-इन पार्टनर का शव..कानपुर में गला घोंटकर महिला की हत्या से मचा हड़कंप

Kanpur News(पवन तोमर की रिपोर्ट) उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक सनसनीखेज का मामला सामने आया है, जहां लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही 32 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. चकेरी थाना क्षेत्र के स्वर्ण जयंती विहार में किराए के कमरे के अंदर महिला का शव करीब दो दिन तक पड़ा रहा और बाहर ताला लगा होने के कारण किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी. सूचना मिलने पर पुलिस ने ताला तोड़कर शव बरामद किया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है. मामले में दो युवकों की भूमिका जांच के दायरे में है, जो घटना के बाद से फरार बताए जा रहे हैं.
किराए के कमरे में मिला महिला का शव
मृतका की पहचान देवरिया जिले के बघौचघाट निवासी काजल के रूप में हुई है. उसकी शादी उन्नाव में हुई थी, लेकिन बाद में तलाक हो गया था. इसके बाद वह कानपुर आकर बर्तन साफ करने का काम करने लगी. इसी दौरान उसकी पहचान राजमिस्त्री पप्पू पासवान से हुई. दोनों करीब 20 दिन पहले स्वर्ण जयंती विहार स्थित एक निर्माणाधीन मकान में किराए का कमरा लेकर साथ रहने लगे थे.
दो दिन तक नहीं दिखी काजल, पड़ोसियों को हुआ शक
स्थानीय लोगों के मुताबिक, बुधवार दोपहर पप्पू बाइक लेकर कमरे से निकला था. इसके बाद कमरे में किसी की आवाजाही दिखाई नहीं दी. काजल भी लगातार दो दिन तक नजर नहीं आई, जिससे पड़ोसियों को शक हुआ. इसकी सूचना पुलिस को दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का ताला तोड़ा तो अंदर फर्श पर काजल का शव पड़ा मिला.
शरीर पर चोट के निशान, पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि
पुलिस की शुरुआती जांच में काजल के पैर के अंगूठे, हाथ की उंगलियों, कोहनी, गर्दन और गाल पर चोट के निशान मिले. उसके चेहरे पर सूजन भी थी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है. पुलिस अब मामले से जुड़े साक्ष्यों को जुटाकर घटना की कड़ियां जोड़ने में लगी है.
दूसरे युवक आतिफ की भूमिका भी जांच के घेरे में
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि काजल की पहचान सनिगवां निवासी आतिफ से भी थी, जो मीट की दुकान चलाता है. स्थानीय लोगों के अनुसार, आतिफ अक्सर काजल के कमरे पर आता-जाता था. पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि करीब चार साल पहले काजल ने आतिफ के खिलाफ शारीरिक शोषण का मुकदमा दर्ज कराया था या नहीं और उसका मौजूदा मामले से कोई संबंध है या नहीं.
दोनों संदिग्धों की तलाश में जुटी पुलिस
चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि मामले में पप्पू पासवान और आतिफ, दोनों की भूमिका की जांच की जा रही है. घटना के बाद से दोनों युवक फरार बताए जा रहे हैं. पुलिस टीमें उनकी तलाश में जुटी हैं. अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
मां और बहन ने की शव की पहचान
शनिवार शाम देवरिया से कानपुर पहुंची काजल की मां और बहन ने शव की पहचान की. पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया. इसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर देवरिया रवाना हो गए. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने की कोशिश की जा रही है.
Also Read: UP PET Exam 2026: यूपी के 60 शहरों में 1372 केंद्रों पर परीक्षा, बायोमेट्रिक जांच के बाद मिलेगी एंट्री, जानें जरूरी नियम