समाचार · मध्य प्रदेश
सीहोर में युवा स्वाभिमान यात्रा में शामिल हुए जीतू पटवारी:बोले- पेपर लीक से युवाओं का भविष्य बर्बाद; CM हाउस घेरने निकले कांग्रेस कार्यकर्ता
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बुधवार को सीहोर में आयोजित 'युवा स्वाभिमान यात्रा- छात्रों की गूंज' के दौरान पेपर लीक और बेरोजगारी को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश का मध्यम वर्ग अभावों में बच्चों को पढ़ाता है, लेकिन उन्हें नौकरी नहीं मिलती। NEET जैसी परीक्षाओं के पेपर लीक हो जाते हैं और छात्र आत्महत्या करने को मजबूर हो जाते हैं। इसके बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का काफिला मुख्यमंत्री निवास के घेराव के लिए भोपाल रवाना हुआ। जिला कांग्रेस कमेटी ने यात्रा को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की थीं। यात्रा अमलाहा, सौंडा, नापली और मुगिसपुर से होते हुए सीहोर शहर पहुंची। इसके बाद इंदौर नाका, बढ़ियाखेड़ी चौराहा, लीसा टॉकीज चौराहा और बड़ा बाजार मार्ग से निकाली गई। इस दौरान छात्रों के साथ संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। कोतवाली चौराहे पर हुई जनसभा यात्रा का मुख्य कार्यक्रम कोतवाली चौराहे पर आयोजित जनसभा रही। इसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने युवाओं और किसानों को संबोधित किया। पेपर लीक को लेकर सरकार पर साधा निशाना जनसभा में जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद देश में 90 बार पेपर लीक हुए और 50 बार परीक्षाएं निरस्त हुईं। उन्होंने सवाल उठाया कि इतनी बड़ी घटनाओं के बावजूद आज तक किसी दोषी को सजा नहीं मिली। उन्होंने यह भी कहा कि हाल में NEET परीक्षा निरस्त होने के बाद 25 छात्रों ने आत्महत्या कर ली। भोपाल में सीएम आवास का करेंगे घेराव जनसभा के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का काफिला आनंद डेयरी चौराहा, बस स्टैंड, सेकड़ाखेड़ी रोड और फंदा टोल टैक्स होते हुए भोपाल के लिए रवाना हुआ। यात्रा का उद्देश्य मुख्यमंत्री निवास का घेराव कर युवाओं और किसानों की मांगों को सरकार तक पहुंचाना था। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती, शहर अध्यक्ष घनश्याम यादव और प्रवक्ता पंकज शर्मा ने यात्रा में अधिक से अधिक लोगों से शामिल होने की अपील की थी। उनके आह्वान पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता यात्रा में शामिल हुए।