समाचार · छत्तीसगढ़
साजा में दो लोगों पर जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार:चाकू और लोहे की रॉड से किया घायल, आक्रोशित परिजनों के बीच एसपी पहुंचे
बेमेतरा जिले के साजा नगर पंचायत थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक युवक ने अलग-अलग स्थानों पर दो लोगों पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सोनू निर्मलकर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार, पहली घटना शराब भट्टी के सामने स्थित मुर्गा दुकान में हुई, जहां आरोपी ने युसिफ खान पर चाकू से हमला कर दिया। इससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। इसके कुछ देर बाद आरोपी अवंती चौक स्थित चाय दुकान पहुंचा और वहां बैठे शेषनारायण निषाद पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट आई और करीब 8 टांके लगे। परिजनों का हंगामा, थाने पहुंचे एसपी घटना के बाद दोनों घायलों का जिला अस्पताल में इलाज कराया गया। परिजन आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर साजा थाना पहुंचे। बड़ी संख्या में लोग थाने के बाहर जुट गए। हालात को देखते हुए पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल स्वयं मौके पर पहुंचे और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। समझाइश के बाद स्थिति सामान्य हुई। पहले से दर्ज हैं कई मामले पुलिस के अनुसार, आरोपी सोनू निर्मलकर के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके पुराने रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। इन धाराओं में मामला दर्ज पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं 296, 351(3), 115(2), 109(1) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 28 के तहत अपराध दर्ज किया है। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को बेमेतरा जिला जेल भेज दिया गया। एसडीओपी विनय साहू ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में चाकू और लोहे की रॉड से दो लोगों पर हमला करने की पुष्टि हुई है। आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को भी जांच में शामिल किया गया है।