समाचार · पंजाब
कपूरथला में मां ने दो बेटियों संग पीया कीटनाशक:तीनों की मौत; मृतका का पति बोला- सास से हुई थी कहासुनी
कपूरथला के गांव मल्लू कादराबाद में घरेलू विवाद के बाद कीटनाशक पीने के मामले में मां और उसकी दो बेटियों की मौत हो गई है। मंगलवार को छोटी बेटी खुशी की मौत के बाद, बुधवार को इलाज के दौरान मां संतोष देवी और बड़ी बेटी अमृता ने भी दम तोड़ दिया। थाना सदर के एसएचओ रणजीत सिंह ने इसकी पुष्टि की है। तीनों शवों का आज पोस्टमार्टम कराया जाएगा। जानकारी के अनुसार, बिहार की मूल निवासी संतोष देवी ने अपने तीन बच्चों के साथ कथित तौर पर जहरीला कीटनाशक पी लिया था। सभी को 108 एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल कपूरथला ले जाया गया। यहां छोटी बेटी खुशी की मौत हो गई, जबकि संतोष देवी और उनकी 8 वर्षीय बड़ी बेटी अमृता को गंभीर हालत में अमृतसर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। मृतका का पति बोला- सासू मां के साथ हुई थी कहासुनी महिला के पति लवकुश कुमार ने बताया था कि उनकी पत्नी की अपनी सासुमां के साथ मामूली कहासुनी हुई थी, जिसके बाद उन्होंने यह कदम उठाया। लवकुश कुमार सोमवार देर रात खेतों से काम कर घर लौटे तो उन्होंने अपनी पत्नी को उल्टियां करते और बच्चों को बेहोश पाया। इसके बाद उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। थाना सदर के एसएचओ रणजीत सिंह ने बताया कि अमृतसर मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मंगलवार को संतोष देवी और अमृता की मौत हो गई। उन्होंने आगे बताया कि आज बुधवार को तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और धारा 174 सीआरपीसी के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।