Wednesday, 15 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

हाईकोर्ट के आदेश पर सामने आई यूपी के 16 हजार स्कूलों की हकीकत, कहीं एक शिक्षक तो कहीं स्कूल ही बंद

INT News15 July 2026 at 01:44 pm

UP News: उत्तर प्रदेश के सरकारी प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों की स्थिति को लेकर चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं. इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश के बाद उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद ने प्रदेश के एकल शिक्षक वाले और बंद स्कूलों की सूची अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की है. सूची के मुताबिक प्रदेश में 16 हजार से ज्यादा ऐसे स्कूल हैं, जहां या तो सिर्फ एक शिक्षक तैनात है या फिर स्कूल बंद हैं.

हाईकोर्ट के आदेश के बाद जारी हुई सूची

परिषदीय स्कूलों में शिक्षकों के तबादले की प्रक्रिया के दौरान यह मामला हाईकोर्ट पहुंचा था. सुनवाई के दौरान अदालत ने हर स्कूल में कम से कम दो शिक्षकों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही परिषद से सरप्लस शिक्षकों और स्कूलों से जुड़ी अन्य जानकारी भी मांगी गई.

प्रदेश मे करीब 30 हजार शिक्षक अतिरिक्त

हाईकोर्ट के आदेश के बाद बेसिक शिक्षा परिषद ने 1300 से अधिक पन्नों की सूची वेबसाइट पर अपलोड की है. इसमें बताया गया है कि करीब 10 हजार प्राथमिक और लगभग 6 हजार उच्च प्राथमिक स्कूलों में या तो सिर्फ एक शिक्षक है या स्कूल बंद हैं. वहीं करीब 30 हजार शिक्षकों को सरप्लस श्रेणी में रखा गया है.

शिक्षकों की कमी की जानकारी भी जारी

परिषद ने उन स्कूलों की सूची भी जारी की है, जहां शिक्षकों की संख्या तय मानकों के अनुसार नहीं है. इसके अलावा RTE-PTR (छात्र-शिक्षक अनुपात) के आधार पर प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों में कितने शिक्षकों की कमी है, इसकी जानकारी भी वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है. हालांकि प्रदेश में कुल कितने शिक्षकों की कमी है, इसका अलग से कोई आंकड़ा जारी नहीं किया गया है.

20 जुलाई को होगी अगली सुनवाई

इस मामले में 20 जुलाई को इलाहाबाद हाईकोर्ट में सुनवाई होगी. बेसिक शिक्षा परिषद अदालत में सभी जरूरी जानकारी शपथपत्र के साथ पेश करेगी. इसके बाद शिक्षकों के तबादले की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी. माना जा रहा है कि सबसे पहले एकल शिक्षक वाले और बंद स्कूलों में शिक्षकों की तैनाती की जाएगी.

यहां देख सकते हैं पूरी सूची

एकल शिक्षक वाले स्कूल, बंद स्कूल और शिक्षकों की कमी से जुड़ी सभी सूचियां उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद की आधिकारिक वेबसाइट upbasiceduparishad.gov.in पर उपलब्ध हैं. वहां जाकर पूरी जानकारी देखी जा सकती है.

Also Read: बलिया में गंगा किनारे जल्द दिखेगा मरीन ड्राइव जैसा नजारा, नितिन गडकरी की समीक्षा बैठक में मिली मंजूरी