समाचार · हरियाणा
पलवल में पुलिस टीम पर हमला, गाड़ी में तोड़फोड़:एसपीओ को धक्का दिया, वर्दी फाड़ी; बहन ने किया फोन, बोली- भाई मारपीट कर रहा
पलवल के भिडूकी गांव में झगड़े की सूचना पर पहुंची पीसीआर टीम पर हमला कर उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। हसनपुर थाना प्रभारी हरीओम के अनुसार, पीसीआर इंचार्ज एएसआई रतन सिंह ने शिकायत में बताया कि वह अपनी टीम के साथ पीसीआर पर तैनात थे। इसी दौरान उन्हें भिडूकी गांव निवासी सोनिया का फोन आया, जिसमें बताया कि उसका भाई राजेश, मारपीट कर उन्हें परेशान कर रहा है। दोनों पक्षों को समझा रही थी पुलिस, युवक ने की गाली-गलौज सूचना मिलने पर एएसआई रतन सिंह अपनी पीसीआर लेकर मौके पर पहुंचे। टीम में उनके अलावा ड्राइवर सिपाही अमित यादव और एसपीओ उमेश चंद भी मौजूद थे। जब उन्होंने सोनिया के बारे में पूछा, तो मौके पर सोनिया, उसके परिजन और उसका भाई राजेश मौजूद मिले। शिकायत के अनुसार, पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही थी, तभी राजेश गुस्से में आ गया और अपने परिजनों को गाली देने लगा। पुलिस पार्टी ने जब राजेश को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना और उल्टा पुलिस टीम को भी गाली देने लगा। पुलिस की गाड़ी पर फेंकी ईंट, ड्राइवर घायल इसके बाद, जब एसपीओ उमेशचंद ने राजेश को काबू करने की कोशिश की, तो राजेश ने उन्हें धक्का देकर उनकी वर्दी फाड़ दी। उसने पास पड़ी ईंट उठाकर पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस हमले में एक ईंट पीसीआर की ड्राइवर साइड में लगी, जिससे गाड़ी का शीशा टूट गया और उसके टुकड़े ड्राइवर अमित यादव के सीने पर जा गिरे। हमले के बाद राजेश मौके से भाग गया। भागते समय उसने अपने परिजनों और पुलिस पार्टी को धमकी दी कि अगर उसे दोबारा मौका मिला तो वह उन्हें सबक सिखा देगा। पुलिस ने आरोपी राजेश के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है। आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज, तलाश जारी हसनपुर थाना पुलिस ने आरोपी राजेश के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, पुलिस टीम पर हमला करने व सरकारी गाड़ी का शिशा तोड़ने सहित अपने परिजनों व पुलिस से गाली-गलौच कर मारपीट करने सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।