समाचार · उत्तर प्रदेश
डीजल की बोतल लेकर SSP ऑफिस के बाहर महिला ने की आत्मदाह की कोशिश, बरेली पुलिस ने ऐन वक्त पर बचाई जान

UP News: बरेली के एसएसपी कार्यालय के बाहर मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बहेड़ी थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने खुद पर डीजल डालकर आत्मदाह करने की कोशिश की. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और महिला पुलिस ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए उसे रोक लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया. घटना के बाद परिसर में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही.
हाथ में डीजल की बोतल लेकर पहुंची थी महिला
जानकारी के अनुसार, महिला दोपहर में एसएसपी कार्यालय पहुंची थी. उसके हाथ में कुछ दस्तावेज और डीजल से भरी एक बोतल थी. अचानक उसने अपने ऊपर डीजल उड़ेलना शुरू कर दिया और आग लगाने का प्रयास किया. वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया. इस दौरान महिला लगातार अपने साथ न्याय न होने की बात कहती रही और अधिकारियों से कार्रवाई की मांग करती रही.
होली के विवाद से जुड़ा है मामला
महिला का कहना है कि होली के दौरान डीजे बजाने को लेकर उसके बेटे का कुछ लोगों से विवाद हुआ था. आरोप है कि इस दौरान उसके बेटे के साथ मारपीट की गई. शिकायत के आधार पर बहेड़ी थाने में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था. पुलिस ने जांच पूरी कर चारों आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट भी अदालत में दाखिल कर दी, लेकिन महिला का आरोप है कि उनके खिलाफ अब तक कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई. पीड़िता का आरोप है कि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे उसका परिवार लगातार भय के माहौल में जी रहा है. उसने कई बार बहेड़ी थाने और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन हर बार केवल आश्वासन मिला. न्याय नहीं मिलने से परेशान होकर उसने यह कदम उठाने की कोशिश की.
दोबारा जांच के निर्देश
घटना की सूचना मिलते ही महिला थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. महिला को शांत कर उसके बयान दर्ज किए गए और प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया. एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि महिला की शिकायत और लगाए गए आरोपों की दोबारा जांच कराई जाएगी. यदि जांच में किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल महिला सुरक्षित है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
Must Read- सरकार की तैयारी से खुलेंगे रोजगार के हजारों मौके, यूपी को आयुष हब बनाने की तैयारी, अस्पतालों से लेकर दवा कंपनियों तक मिलेगा बढ़ावा