Wednesday, 15 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

रेवाड़ी में 3 डेंगू और मलेरिया के 5 मरीज मिले:लार्वा मिलने पर 376 लोगों को नोटिस, स्वास्थ्य विभाग ने दिए जांच के निर्देश

INT News15 July 2026 at 01:52 pm

रेवाड़ी जिले में मानसून और उमस भरी गर्मी के बीच मच्छर जनित बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। जिले में हाल ही में डेंगू के 3 और मलेरिया के 5 मामले सामने आए हैं। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने इन बीमारियों की रोकथाम के लिए तत्काल कदम उठाए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने डेंगू का लार्वा पाए जाने के बाद 376 लोगों को नोटिस जारी किए हैं। विभाग की टीमें जल भराव वाले सभी क्षेत्रों में सक्रिय रूप से जांच कर रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायतों और शहरी क्षेत्रों में नगर परिषदों को भी आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। दवाओं के छिड़काव और फॉगिंगके निर्देश दिए विभाग ने दवाओं के छिड़काव, फॉगिंग और अन्य आवश्यक उपायों के निर्देश दिए हैं। मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है ताकि बीमारियों को फैलने से रोका जा सके। मलेरिया-डेंगू नोडल अधिकारी डॉ. जोगेंद्र सिंह ने बताया कि बारिश के मौसम में नमी और आर्द्रता मच्छरों के प्रजनन के लिए अनुकूल होती है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे अपने घर के आस-पास या किसी भी स्थान पर पानी जमा न होने दें। पुराने टायर, गमले, बाल्टी या किसी भी बर्तन में पानी इकट्ठा न करें। 'लक्षण दिखें तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें' डॉक्टर ने आमजन से मच्छर रोधी उपाय अपनाने, पूरे बाजू वाले कपड़े पहनने और शाम के समय मच्छरदानी का उपयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने यह भी सलाह दी कि यदि बुखार, सिरदर्द या बदन दर्द जैसे लक्षण दिखें तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और आवश्यकता पड़ने पर फॉगिंग और लार्वीसाइडल छिड़काव तेज किया जाएगा। जिला प्रशासन का लक्ष्य इन बीमारियों को फैलने से रोकना है।