समाचार · मध्य प्रदेश
महापौर बोले- काम में ढिलाई बर्दाश्त नहीं, तुरंत करें कार्रवाई:जनता ने गिनाईं ड्रेनेज-स्ट्रीट लाइट की समस्याएं, अधिकारियों पर जताई नाराजगी
इंदौर में बुधवार को महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने विधानसभा-4 के वार्ड-72 स्थित रेवेन्यू नगर में जनसंवाद कर लोगों की समस्याएं सुनीं। रहवासियों ने गार्डनों के रखरखाव, स्ट्रीट लाइटों के नियमित मेंटेनेंस, ड्रेनेज लाइन की सफाई और कुछ गलियों में जलभराव की शिकायतें रखीं। इस पर महापौर ने नगर निगम अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों की सुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए, ताकि नागरिकों को बार-बार शिकायत दर्ज न करानी पड़े। उन्होंने अधिकारियों से रखरखाव व्यवस्था को अधिक जवाबदेह और प्रभावी बनाने के भी निर्देश दिए। योगशाला पहुंचकर लिया फीडबैक, पौधारोपण किया जनसंवाद के बाद महापौर सच्चिदानंद नगर योगशाला पहुंचे, जहां उन्होंने पौधारोपण किया और योग करने आए लोगों से क्षेत्र की सुविधाओं को लेकर फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि नगर निगम केवल दैनिक रखरखाव तक सीमित नहीं है, बल्कि अगले 20 से 25 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर शहर का आधारभूत ढांचा मजबूत किया जा रहा है। 25 साल पुरानी पाइपलाइनें बदलीं, 24 मास्टर प्लान सड़कों पर काम महापौर ने बताया कि पेयजल और ड्रेनेज व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 25 वर्ष पुरानी पाइपलाइनें बदली गई हैं। बढ़ती आबादी की जरूरतों को देखते हुए नर्मदा परियोजना के चौथे चरण पर काम आगे बढ़ाया गया है। शहर के विभिन्न हिस्सों में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 24 मास्टर प्लान सड़कों का निर्माण तेजी से चल रहा है। कई सड़कें पूरी हो चुकी हैं, जबकि शेष परियोजनाओं पर काम जारी है। इनके पूरा होने से यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होगी। पीएम सूर्य घर योजना का लाभ लेने की अपील महापौर ने लोगों से पीएम सूर्य घर योजना का लाभ उठाने और अपने घरों पर सोलर पैनल लगाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इससे बिजली बिल में कमी आएगी और केंद्र सरकार की सब्सिडी का लाभ भी मिलेगा। उन्होंने बताया कि इंदौर में अब तक 32 हजार से अधिक परिवार अपने घरों पर सोलर पैनल लगा चुके हैं। रेवेन्यू नगर गार्डन में लगेंगे नए झूले जनसंवाद के अंत में महापौर ने रेवेन्यू नगर स्थित गार्डन में खराब झूलों, चकरी और व्यायाम उपकरणों को हटाकर उनकी जगह नए झूले और आधुनिक एक्सरसाइज उपकरण लगाने की घोषणा की।