समाचार · हरियाणा
गुरुग्राम में झारखंड के बंदी उरांव मर्डर केस में खुलासा:दोस्तों ने पार्टी के बाद झगड़े में मारा, पत्थर से चेहरा कुचलकर झाड़ियों में फेंकी डेडबॉडी
गुरुग्राम में फरीदाबाद रोड पर झारखंड के युवक की हत्या का मामला पुलिस ने सुलझा लिया है। उसके दोस्तों ने ही पार्टी के बाद हुई कहासुनी के बाद पत्थर से चोट मारकर उसका मर्डर कर दिया था। आरोपियों की पहचान राम (उम्र-30 वर्ष) निवासी गांव रेडवा जिला गुमला, विनय (उम्र-35 वर्ष) निवासी गांव फरसाबहार जिला गुमला, प्रकाश (उम्र-26 वर्ष) निवासी गांव बनाबीरा जिला सिमडेगा के रूप में हुई है। तीनों आरोपी झारखंड के रहने वाले हैं औंर वर्तमान निवासी वजीराबाद में किराए पर रहते हैं। पुलिस पूछताछ में पता चला कि बंदी उराव काम की तलाश में लगभग 01 महीना पहले गुरुग्राम आया था। 13/14 जुलाई की रात को मृतक बंदी के एक साथी के बेटे का जन्मदिन था। बंदी अपने दोस्तों के साथ वजीराबाद में उसी पार्टी में गया था। पार्टी के बाद बंदी ने अपने दोस्तों को गुरुग्राम शहर दिखाने के लिए कहा। जिस पर बंदी एक गाड़ी में अपने तीन आरोपी दोस्तों के साथ शहर घूमने के लिए निकल गया। जिसके बाद वजीराबाद ढाणी चौक के पास इनकी आपस में बहस हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि बंदी के तीनों आरोपी उसको अरावली पहाड़ी के जंगलों में ले गए और वहां पर पत्थर मारकर बंदी की हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में फेंक दिया। वारदात में प्रयोग की गई कार आरोपी राम की थी। जंगल के एरिया में मिली थी डेडबॉडी 14 जुलाई की सुबह बंदी का शव सेक्टर-54 स्थित डीएलएफ फेज-5 के जंगल क्षेत्र में पड़ा मिला था। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो उसे एक व्यक्ति का शव खून से लथपथ अवस्था में पड़ा मिला, जिसके सिर व चेहरे पर पत्थर से चोटें मारने के निशान थे। पुलिस टीम द्वारा सीन-ऑफ-क्राइम, डॉग-स्क्वार्ड, फिंगरप्रिंट एवं एफएसएल टीमों को मौके पर बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया। घटनास्थल से प्राप्त दस्तावेजों के आधार पर मृतक की पहचान बंदी उरांव (उम्र-39 वर्ष) निवासी जिला गुमला (झारखंड) के रूप में हुई। आरोपी ऑटो और टैक्सी चलाते हैं सेक्टर-53 थाना प्रभारी नरेंद्र शर्मा ने बताया कि तीनों आरोपियों को आज वजीराबाद से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी प्रकाश और विनय गुरुग्राम में ऑटो चलाने का काम करते हैं तथा राम ओला और ऊबर में गाड़ी चलाने का काम करता है। आगामी पूछताछ व बरामदगी के लिए आरोपियों को कोर्ट से रिमांड पर लिया जाएगा।