समाचार · बिहार
JDU से निकाले जाने के बाद अनंत सिंह बनवा रहे गुलाब जामुन, नीतीश-निशांत-विजय चौधरी ने की मीटिंग

Bihar Politics: बिहार की सियासत में फिलहाल कई तरह की गतिविधियां देखने के लिए मिल रहीं हैं. शनिवार को मोकामा के विधायक अनंत सिंह को जेडीयू से निकालने का फैसला लेने के बाद बयानबाजी तेज हो गई है. सत्ता पक्ष की ओर से कहा गया कि पार्टी लाइन से हटकर बयान देने की वजह से अनंत सिंह पर यह कार्रवाई की गई. दूसरी तरफ, अनंत सिंह अब भी अपने पुराने तेवर में दिखे.
अनंत सिंह के आवास पर जश्न की तैयारी
पार्टी से निकाले जाने के बाद भी अनंत सिंह के आवास पर जश्न की तैयारी हो रही है. वे गुलाब जामुन और रसगुल्ले बनवा रहे हैं. इससे पहले शनिवार को भी कुछ ऐसा ही माहौल देखा गया था. अनंत सिंह के आवास पर रात में आतिशबाजी की गई थी. रविवार को अनंत सिंह ने यह स्पष्ट कहा कि पार्टी से निकाले जाने के बाद उन्हें कोई दिक्कत नहीं है.
नीतीश कुमार ने नेताओं संग की बैठक
दूसरी तरफ, अनंत सिंह के खिलाफ कार्रवाई के बाद नीतीश कुमार ने मीटिंग की. रविवार को नीतीश कुमार के सरकारी आवास 7 सर्कुलर रोड पर उनके बेटे और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार पहुंचे. इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी और एमएलसी ललन शराफ भी साथ मौजूद रहे. इन सभी ने एक मीटिंग की. लेकिन मीटिंग में क्या कुछ बातें हुईं, यह अब तक पता नहीं चल पाया है. मीटिंग के बाद पहले विजय चौधरी और निशांत कुमार नीतीश कुमार के आवास से निकले. इसके बाद ललन शराफ भी बाहर निकले.
बिहार से जुड़ी अन्य ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
अनंत सिंह का पार्टी से निकलने पर बयान
अनंत सिंह की बात करें तो, रविवार को उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनाव में पार्टी सिर्फ 12 सीटों पर सिमट जाएगी. साथ ही उन्होंने यह भी कहा, पार्टी उनका है, हमको कोई ऐतराज नहीं. हमको कोई दिक्कत नहीं है. अनंत सिंह ने आगे कहा, अब पार्टी को अपनी औकात पता चल जाएगी. इस दौरान अनंत सिंह ने पहले की तरह ही नीतीश कुमार के लिए निष्ठा जाहिर की. उन्होंने कहा कि वे पहले भी नीतीश कुमार के साथ थे और आगे भी रहेंगे.
साथ ही अनंत सिंह ने दावा किया है कि वो अपनी पार्टी बना लेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें पार्टी से निकाले जाने का कोई गम नहीं है. अनंत सिंह ने कहा कि, जो कार्रवाई किया है वो बढ़िया किया है. हमको कोई दिक्कत नहीं है. पार्टी नीतीश जी का था. नीतीश जी खुद रहे है तो पार्टी में कौन योगदान मिला. उन्होंने कहा कि उन्हें जिसने पार्टी से निकाला है उसमें कोई दम नहीं है. नीतीश जी का पार्टी था. नीतीश जी खत्म हो गए, पार्टी भी खत्म हो गया.
Also Read: JDU से निकाले जाने के बाद अनंत सिंह का ऐलान, बोले- नई पार्टी बना लेंगे, बताया फ्यूचर प्लान