समाचार · मध्य प्रदेश
दूसरी शादी के लिए गर्भवती पत्नी को दिया तीन तलाक:जबलपुर में दहेज के लिए शराब पीकर की मारपीट; पीड़िता पहुंची थाने, बोली- घर से निकाल दिया
“उसे दूसरी शादी करना था। यह जानते हुए भी कि मैं गर्भवती हूं, उसने तीन बार तलाक-तलाक-तलाक बोला और मुझे घर से बाहर निकाल दिया। लाखों रुपए का दहेज लिया, फिर भी प्रताड़ित कर रहा है… अब मैं कहां जाऊं।” जबलपुर के हनुमानताल क्षेत्र में रहने वाली 30 वर्षीय महिला ने पति इमरान खान पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने और तीन बार तलाक बोलकर घर से निकालने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने हनुमानताल थाने पहुंचकर शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। शादी के बाद से दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप महिला के मुताबिक, शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए परेशान किया जा रहा था। आरोप है कि पति रोजाना शराब पीकर घर आता और सबके सामने उसके साथ मारपीट करता था। परिवार के लोगों ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन कथित तौर पर प्रताड़ना जारी रही। महिला के परिजनों का कहना है कि शादी रिश्तेदारों ने करवाई थी। शादी के समय से ही बाइक, नकदी और अन्य कीमती सामान की मांग की जा रही थी। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद माता-पिता बेटी का घर बचाने की उम्मीद में ससुराल पक्ष की मांगें पूरी करने की कोशिश करते रहे। परिजनों के समझाने के बाद भी घर से निकाला पीड़िता की मां के आरोप के मुताबिक, शुक्रवार रात पति ने मारपीट कर बेटी को घर से बाहर निकाल दिया। जानकारी मिलने पर माता-पिता और रिश्तेदार इमरान के घर पहुंचे और उसे समझाने की कोशिश की। इसके बाद वे किसी तरह बेटी को घर के अंदर रखने के लिए तैयार कर पाए। हालांकि, आरोप है कि उसी रात इमरान शराब पीकर फिर घर पहुंचा और गर्भवती पत्नी के साथ मारपीट की। इसके बाद उसने तीन बार तलाक बोलकर रिश्ता खत्म करने की बात कही और महिला को दोबारा घर से बाहर निकाल दिया। दूसरी शादी करने की धमकी देने का आरोप महिला के मुताबिक, पति ने जेठानी और परिवार के अन्य सदस्यों के सामने तीन बार तलाक कहा और उसे घर छोड़ने के लिए कहा। आरोप है कि वह दूसरी शादी करना चाहता है और इसके लिए धमकी भी दे रहा है। जब जेठानी और ननद ने उसे रोकने की कोशिश की, तो उनके साथ भी गाली-गलौज की गई। पीड़िता के माता-पिता का कहना है कि बेटी छह महीने की गर्भवती है। ऐसे में उन्हें बेटी और उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की सुरक्षा की चिंता है। परिवार ने मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शुरू की जांच घटना के बाद पीड़िता और उसके परिजन हनुमानताल थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी सुभाषचंद्र बघेल के मुताबिक, सबूत, गवाह और लिखित शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।