समाचार · मध्य प्रदेश
उफनते नाले में बाइक समेत बहे युवक की मौत:धार में तेज बहाव के बीच नाला पार करने की कर रहा था कोशिश
धार जिले के नौगांव थाना क्षेत्र के ग्राम लबरावदा में मंगलवार को उफनते नाले में बह जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। तेज बारिश के कारण नाले का जलस्तर बढ़ गया था। नाला पार करते समय वह बाइक सहित तेज बहाव की चपेट में आ गए। मृतक की पहचान 40 वर्षीय देव सिंह परमार, निवासी ग्राम तोरनोद के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, देव सिंह गरड़ावद में अपने एक रिश्तेदार से मिलने गए थे। बाइक समेत पानी में बहा
गरड़ावद से अपने गांव तोरनोद लौटते समय लबरावदा के पास नाले में तेज बहाव था। इसी दौरान उन्होंने बाइक से नाला पार करने का प्रयास किया। तभी वह बाइक सहित पानी में बह गए। घटनास्थल पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद देव सिंह को पानी से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए धार जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। नौगांव थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।