समाचार · मध्य प्रदेश
नटराजन का आरोप: भाजपा देश का भविष्य चुरा रही:मंदसौर में कांग्रेस की बैठक, किसानों, नीट पेपर लीक और राज्यसभा नामांकन का मुद्दा उठाया
मंदसौर जिला कांग्रेस कमेटी की पहली विस्तारित बैठक मंगलवार को गांधी भवन में आयोजित हुई। बैठक में पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन ने केंद्र और भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकारें वोट चोरी करते-करते अब देश के भविष्य की भी चोरी करने लगी हैं। मीनाक्षी नटराजन ने कहा कि भगवान श्रीराम देशवासियों की आस्था के केंद्र हैं, लेकिन राम मंदिर में हुई कथित चोरी की घटना से हर भारतीय की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने केंद्र सरकार पर तानाशाही की राह पर चलने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस इसका लोकतांत्रिक तरीके से हर स्तर पर मुकाबला करेगी। उन्होंने राज्यसभा चुनाव में अपना नामांकन निरस्त किए जाने का भी जिक्र किया। उनका कहना था कि नामांकन पत्र में लीगल नोटिस की जानकारी नहीं मांगी गई थी। इसके बावजूद उनका नामांकन रद्द कर दिया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस फैसले को जल्द ही हाईकोर्ट में चुनौती देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पहले वोट चोरी, फिर सीट चोरी और पार्टी तोड़ने का काम करती रही है। अब लोगों की आस्था के साथ भी खिलवाड़ किया जा रहा है। नीट पेपर लीक, खाद और बेरोजगारी का मुद्दा उठाया
मीनाक्षी नटराजन ने राहुल गांधी के संदेश पर सत्याग्रह का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में राहुल गांधी ने प्रतिरोध का आह्वान किया है, जिसका अर्थ सत्याग्रह है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का हर कार्यकर्ता जनहित के मुद्दों पर शांतिपूर्ण और रचनात्मक तरीके से संघर्ष करेगा। उन्होंने किसानों को समय पर खाद नहीं मिलने, नीट परीक्षा विवाद और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर भी सरकार को घेरा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्रसिंह गुर्जर ने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जा चुका है। अब गांव और पंचायत स्तर पर जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष तेज किया जाएगा। विधायक विपिन जैन ने आरोप लगाया कि भाजपा पहले कांग्रेस विधायकों को प्रलोभन देने में विफल रही और बाद में राज्यसभा नामांकन निरस्त करने जैसा कदम उठाया। बैठक को पूर्व विधायक नवकृष्ण पाटिल, परशुराम सिसौदिया, प्रकाश रातड़िया, राजेश रघुवंशी और सोमिल नाहटा सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। 22 किलोमीटर साइकिल चलाकर पहुंचे कांग्रेस नेता बैठक का विशेष आकर्षण जिला कांग्रेस महासचिव अनिल शर्मा और नगर कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उणियारा की साइकिल यात्रा रही। दोनों पिपलिया मंडी से करीब 22 किलोमीटर साइकिल चलाकर गांधी भवन पहुंचे। उन्होंने "साइकिल चलाएं, सोई हुई सरकार को जगाएं" और "धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा दिलाएं" जैसे संदेशों के साथ यात्रा निकाली। रास्ते में बोतलगंज में उनका स्वागत भी किया गया। 9 अगस्त के सत्याग्रह में शामिल होंगे कार्यकर्ता अनिल शर्मा ने कहा कि देश में लोकतांत्रिक संस्थाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने मीनाक्षी नटराजन का राज्यसभा नामांकन निरस्त किए जाने, नीट पेपर लीक और राम मंदिर से जुड़े मामलों में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। उन्होंने बताया कि 9 अगस्त को दिल्ली में राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में प्रस्तावित सत्याग्रह में मंदसौर जिले से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे। साइकिल यात्रा कर पहुंचे अनिल शर्मा और किशोर उणियारा का कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पुष्पमालाओं से स्वागत किया।