Tuesday, 7 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

घर के गेट में करंट आया, मां की मौत:बचाने दौड़े 6 लोग चपेट में आए, बेटा अस्पताल में भर्ती, केबल टूटने से हादसा

INT News7 July 2026 at 10:17 pm

दमोह जिले के पथरिया थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव में मंगलवार रात घर के लोहे के गेट में करंट आने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से झुलस गया। बेटे को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया गया कि बिजली के खंभे से आ रही सर्विस लाइन की केबल अचानक टूटकर मोहनपुर निवासी 50 वर्षीय संतोष रानी के घर के लोहे के गेट पर गिर गई। इससे पूरे गेट में तेज करंट फैल गया। संतोष रानी ने जैसे ही गेट को हाथ लगाया, वह करंट की चपेट में आ गईं और गेट से चिपक गईं। बचाने दौड़े परिवार के 6 लोग आए चपेट में उनकी चीख-पुकार सुनकर उन्हें बचाने के लिए बेटा परदेसी बंसल, बहू रोशनी और परिवार के बाकी लोग दौड़े। इस चक्कर में एक-एक करके परिवार के 6 लोग करंट की चपेट में आ गए। इसके बाद गांव वालों ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए बिजली के तार को लकड़ी की मदद से गेट से अलग किया। अस्पताल में बेटे का इलाज जारी इस हादसे में करंट लगने वाले 4 लोगों की हालत सामान्य थी, लेकिन संतोष रानी और उनके बेटे परदेसी बंसल की हालत गंभीर थी। दोनों को तुरंत दमोह जिला अस्पताल लाया गया। बेटे परदेसी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। बहू रोशनी बंसल ने बताया कि गेट में करंट आने से परिवार के 6 लोग इसकी चपेट में आए थे। पति अस्पताल में भर्ती हैं। घटना की जानकारी पथरिया पुलिस को दे दी गई है। बुधवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिवार वालों को सौंपा जाएगा।