Tuesday, 7 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

व्यापारी ने दो पुलिसकर्मियों पर लगाए मारपीट के आरोप:भिंड में एसपी से शिकायत में बोला- अवैध वसूली के लिए पीटा, वाहन से 3.50 लाख गायब

INT News7 July 2026 at 10:52 pm

भिंड जिले के गोहद क्षेत्र के एक भैंस व्यापारी ने सिटी कोतवाली के दो आरक्षकों पर मारपीट, अवैध वसूली और 3.50 लाख रुपए हड़पने का आरोप लगाया है। व्यापारी ने पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के बाद मामला चर्चा में है। ग्राम किचोली निवासी कासिम खान ने शिकायत में बताया कि वह 5 जुलाई को भैंस बेचने आगरा गए थे। 7 जुलाई की रात करीब एक बजे लौटते समय जौधपुर-कथोड़ी के पास गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों ने उनका वाहन रोक लिया। उनका आरोप है कि आरक्षक गौरव तोमर और आनंद त्रिपाठी ने उनके साथ गाली-गलौज की और मारपीट की। इसके बाद उन्हें सिटी कोतवाली ले जाकर भी पीटा गया। पुलिस पर रिश्वत लेने का आरोप लगाया

व्यापारी का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने छोड़ने के बदले 6 हजार रुपए मांगे। उनके पास मौजूद नकदी और मोबाइल से ऑनलाइन भुगतान भी करा लिया। बाद में जब वह अपने वाहन में रखे व्यापार के 3.50 लाख रुपए लेने पहुंचे तो रकम गायब मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि इस बारे में पूछने पर उनके साथ दोबारा मारपीट की गई और वहां से भगा दिया गया। पीड़ित का कहना है कि उन्होंने पूरे मामले की जानकारी थाना प्रभारी को भी दी। इसके बाद एसपी को आवेदन देकर आरोपित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई और गायब हुई रकम वापस दिलाने की मांग की है। टीआई बोले- जांच के बाद ही स्थिति होगी स्पष्ट सिटी कोतवाली थाना प्रभारी मुकेश शाक्य ने बताया कि भैंस व्यापारी की लिखित शिकायत मिली है। शिकायत के आधार पर जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि वह फिलहाल अवकाश पर हैं। व्यापारी ने दो आरक्षकों पर आरोप लगाए हैं। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।