समाचार · मध्य प्रदेश
ग्वालियर में हाइड्रा ने बाइक सवार को कुचला, मौत:मार्केट से घर लौटते समय हुआ हादसा, 24 घंटे जिंदगी के लिए किया संघर्ष फिर तोड़ा दम
ग्वालियर के शिंदे की छावनी स्थित नौगजा रोड पर तेज रफ्तार हाइड्रा (जेसीबी क्रेन) की टक्कर से एक 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। सोमवार रात हुए हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक ने जयारोग्य अस्पताल (JAH) के ट्रॉमा सेंटर में करीब 24 घंटे तक जिंदगी और मौत से संघर्ष किया, लेकिन मंगलवार रात उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर फरार हाइड्रा चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। घर लौटते समय हुआ हादसा इंदरगंज थाना पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान हजीरा के मल्लगढ़ा निवासी अमन कुमार (20) पुत्र कल्लू के रूप में हुई है। सोमवार रात करीब 10:30 बजे अमन अपनी बाइक (MP07 NJ-8694) से बाजार से घर लौट रहा था। जैसे ही वह नौगजा रोड पर पहुंचा, तभी पीछे से तेज रफ्तार UP84 AT-4544 नंबर की हाइड्रा क्रेन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। सिर में गंभीर चोट, उपचार के दौरान मौत टक्कर लगते ही अमन सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट आई। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर परिजन अमन को तत्काल जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा। सिर में गंभीर अंदरूनी चोट के कारण मंगलवार रात करीब 9:20 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों की शिकायत पर केस दर्ज अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मृतक के रिश्तेदार अभिषेक कुशवाह निवासी संजय नगर, लक्ष्मीगंज की शिकायत पर इंदरगंज थाना पुलिस ने फरार हाइड्रा चालक और वाहन मालिक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर मौत कारित करने का मामला दर्ज कर लिया है। वाहन नंबर के आधार पर तलाश जारी इंदरगंज थाना प्रभारी दीप्ति तोमर ने बताया कि नौगजा रोड पर यूपी नंबर की हाइड्रा की टक्कर से बाइक सवार अमन की मौत हुई है। वाहन नंबर के आधार पर चालक की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।