Wednesday, 8 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

जनकपुरी के वेस्टएंड मॉल में गुरुजी का प्राकट्य दिवस धूमधाम से मनाया, भव्य सत्संग में उमड़े श्रद्धालु

INT News7 July 2026 at 10:34 pm

Guruji Prakatya Diwas: जनकपुरी स्थित वेस्टएंड मॉल का एट्रियम मंगलवार को आध्यात्मिक रंग में रंगा नजर आया. गुरुजी के प्राकट्य दिवस के अवसर पर यहां भव्य सत्संग एवं जन्मोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया. स्थानीय निवासी, व्यापारी, सामाजिक कार्यकर्ता और वेस्टएंड मॉल परिवार के सदस्य भी इस आयोजन का हिस्सा बने. दिनभर चले कार्यक्रम में भजन-कीर्तन, सत्संग और सामूहिक प्रार्थना के माध्यम से श्रद्धालुओं ने गुरुजी के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की. सत्संग के दौरान श्रद्धालुओं ने विश्व शांति, मानव कल्याण, सामाजिक सौहार्द और समृद्धि की कामना की. पूरे आयोजन के दौरान “जय गुरुजी” और “शुकराना गुरुजी” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा. कार्यक्रम में शामिल लोगों ने इसे आध्यात्मिक ऊर्जा और सामुदायिक सहभागिता का सुंदर संगम बताया.

इस आयोजन का नेतृत्व समाजसेवी डी. आर. सेठी, सीबीएफसी के विधिक सलाहकार अमित अग्रवाल, समायरा ज्वेलर्स के निदेशक वरुण प्रुथी तथा वेस्टएंड मॉल परिवार ने संयुक्त रूप से किया. आयोजकों ने कहा कि गुरुजी का प्रेम, सेवा, विश्वास और शुकराना का संदेश आज भी लाखों लोगों को सकारात्मक जीवन जीने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है. उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन लोगों को जोड़ने के साथ-साथ सामाजिक समरसता को भी मजबूत करते हैं.

कार्यक्रम में एसीपी शरद चंद्र और एसएचओ दिनेश खर्ड भी पहुंचे. आयोजकों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर दोनों अधिकारियों का स्वागत किया. उनकी उपस्थिति पर उपस्थित संगत ने तालियों से उनका अभिनंदन किया. अधिकारियों ने आयोजकों को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं और समाज में सकारात्मक वातावरण बनाने में ऐसे कार्यक्रमों की भूमिका की सराहना की.

आयोजन का प्रमुख आकर्षण युवा आध्यात्मिक वक्ता एवं बालकथावाचक अभिनव अरोड़ा की उपस्थिति रही. देशभर में धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों में अपने प्रवचनों और भक्ति प्रस्तुतियों के लिए पहचाने जाने वाले अभिनव ने “जय श्री राधे” और “जय गुरुजी” के उद्घोष के साथ संगत को संबोधित किया. उन्होंने गुरुजी के प्रेम, सेवा, विश्वास और शुकराना के संदेश को जीवन का आधार बनाने की बात कही और कहा कि आध्यात्मिकता केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं, बल्कि व्यवहार, सेवा और मानवता में भी दिखाई देनी चाहिए. उन्होंने श्रद्धालुओं को द्वादश ज्योतिर्लिंग स्तोत्रम् का भावपूर्ण पाठ भी सुनाया. स्तोत्र के पाठ के दौरान पूरा एट्रियम भक्तिभाव में डूब गया और संगत ने पूरे मनोयोग से उसमें सहभागिता की.

कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई. स्वयंसेवकों ने पूरे आयोजन की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित ढंग से संभाला, जिससे बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा. आयोजन में शामिल व्यापारिक प्रतिष्ठानों और स्थानीय लोगों ने भी व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग दिया.

समापन पर आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं, स्वयंसेवकों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और वेस्टएंड मॉल परिवार का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि भविष्य में भी आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, ताकि समाज में सेवा, सद्भाव, सहयोग और मानवीय मूल्यों को और अधिक मजबूती मिल सके.