समाचार · गुजरात
रथयात्रा में हाथियों के गुजरते समय नहीं बजेगा डीजे, तेज ध्वनि वाले साउंड सिस्टम पर रोक

Ahmedabad: भगवान जगन्नाथ की 149वीं रथयात्रा के दौरान इस बार हाथियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी। हाथियों के गुजरते समय डीजे और तेज ध्वनि वाले साउंड सिस्टम का उपयोग नहीं किया जाएगा, ताकि वे शोर से विचलित न हों और किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। दाणापीठ स्थित अहमदाबाद महानगरपालिका मुख्यालय में महापौर हितेश बारोट की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में रथयात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया। महापौर ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा शहर की आस्था, परंपरा और सांप्रदायिक सौहार्द का प्रतीक है। शहर एकता समिति और जगन्नाथ मंदिर ट्रस्ट से प्राप्त सुझावों के आधार पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएंगी। रथयात्रा से पहले पूरे मार्ग का संयुक्त निरीक्षण भी किया जाएगा। हाथियों की सुरक्षा के लिए विशेष निर्देश बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि हाथियों के गुजरने के दौरान डीजे अथवा तेज आवाज वाले साउंड सिस्टम का उपयोग नहीं होगा। संबंधित विभागों को मार्ग पर अनावश्यक शोर-शराबा रोकने और हाथियों के लिए अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उद्देश्य यह है कि रथयात्रा बिना किसी व्यवधान और तनाव के संपन्न हो सके। जमालपुर में वापसी मार्ग पर विशेष ट्रैफिक प्लान रथयात्रा के लौटने के समय जामालपुर क्षेत्र में सबसे अधिक भीड़ को देखते हुए अलग ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। पिछले वर्षों के अनुभवों के आधार पर इस बार यातायात प्रबंधन, प्रकाश व्यवस्था और बैरिकेडिंग में भी आवश्यक सुधार किए जाएंगे, ताकि रथ का काफिला निर्बाध रूप से गुजर सके। पानी, बिजली, सफाई और सुरक्षा पर विशेष जोर बैठक में रथयात्रा मार्ग पर 101 से अधिक ट्रकों में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पेयजल की व्यवस्था, जर्जर भवनों को हटाने, कैचपिट एवं ड्रेनेज की समय पर सफाई, फायर ब्रिगेड की तैनाती, पूरे मार्ग पर सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखने, खलासियों को पहचान-पत्र उपलब्ध कराने तथा पेड़ों की छंटाई समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए। मार्ग पर 730 बिजली के खंभों, 560 फ्लड लाइटों और 11 यूपीएस के जरिए निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए टोरेंट पावर के 33 कर्मचारी विशेष रूप से तैनात रहेंगे। बैठक में विधायक कौशिक जैन, विधायक पायल कुकराणी, उप महापौर अंजु शाह, स्टैंडिंग कमेटी के अध्यक्ष कमलेश पटेल, सत्तापक्ष के नेता जशु ठाकोर, सचेतक अतुल मिश्रा, महानगरपालिका आयुक्त बंछानिधि पाणि, पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलोत, जगन्नाथ मंदिर के महंत दिलीप दास महाराज, महानगरपालिका एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, शहर एकता समिति के सदस्य तथा विभिन्न समाजों और धर्मों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।