Tuesday, 7 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · गुजरात

Ahmedabad: यू.एन. मेहता अस्पताल की ड्रेनेज लाइन में उतरे एक सफाईकर्मी की मौत, दो उपचाराधीन

INT News7 July 2026 at 10:29 pm

Ahmedabad: शहर के असारवा स्थित यू.एन. मेहता अस्पताल परिसर में ड्रेनेज लाइन की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आए तीन सफाई कर्मचारियों में से एक की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है। तीसरे कर्मचारी की हालत स्थिर बताई गई है। शाहीबाग पुलिस के अनुसार सोमवार देर शाम अस्पताल परिसर की अंडरग्राउंड ड्रेनेज लाइन की सफाई के दौरान सबसे पहले एक कर्मचारी जहरीली गैस से बेहोश होकर टैंक में गिर गया। उसे बचाने के लिए नीचे उतरे दो अन्य कर्मचारी भी गैस की चपेट में आकर अचेत हो गए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने तीनों का रेस्क्यू कर अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान रॉकी मेकवान की मौत हो गई। साहिल नाडिया की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जबकि प्रवीण वाघेला की हालत स्थिर है। सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल, कर्मचारियों का हंगामा हादसे के बाद अस्पताल के सफाई कर्मचारियों में भारी आक्रोश फैल गया। कर्मचारियों ने अस्पताल परिसर में हंगामा करते हुए हड़ताल शुरू कर दी। उनका आरोप है कि उन्हें पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए जाते। साथ ही नियमित रूप से जोखिमपूर्ण कार्य कराए जाने के बावजूद न तो साप्ताहिक अवकाश दिया जाता है और न ही कार्य के अनुरूप वेतन मिलता है। कर्मचारियों ने कार्यस्थल पर कड़ाई से सुरक्षा मानकों के पालन की भी मांग की। स्वीपरों से ड्रेनेज लाइन साफ कराने का आरोप सफाई कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि जिन कर्मचारियों को ड्रेनेज लाइन में उतारा गया, वे प्रशिक्षित सीवर कर्मी नहीं बल्कि नियमित स्वीपर थे। उनका कहना है कि उन्हें ड्रेनेज टैंक या लाइन में उतारने की कोई आवश्यकता नहीं थी और बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों व प्रशिक्षण के ऐसा कराना गंभीर लापरवाही है। इस मुद्दे को लेकर कर्मचारियों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और काम बंद कर सर्वेंट और सफाई कर्मचारी समेत लगभग 650 लोग हड़ताल पर उतर गए। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा, गंभीर रूप से घायल कर्मचारी का पूरा इलाज, दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई, जोखिमपूर्ण कार्यों के लिए सुरक्षा मानकों का पालन, साप्ताहिक अवकाश, उचित वेतन तथा अन्य लंबित मांगों को तत्काल पूरा करने की मांग की। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा। मामले की विस्तृत जांच कराई जाएगी: आरएमओ यू.एन. मेहता अस्पताल के रेजिडेंट मेडिकल ऑफिसर (आरएमओ) डॉ. हितेश मेहता ने बताया कि प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने पर प्रशासनिक विभाग से जुड़े एक अधिकारी तथा सफाई कार्य की निगरानी करने वाले एक सुपरवाइजर को सेवा से बर्खास्त करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि इस मामले की विस्तृत जांच कराई जाएगी और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई होगी। इस संबंध में शाहीबाग थाने में भी मामला दर्ज कराया गया है। अस्पताल में बढ़ाई गई सुरक्षा हादसे के बाद अस्पताल परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण अस्पताल की सफाई व्यवस्था प्रभावित रही, जबकि प्रशासन कर्मचारियों से वार्ता कर स्थिति सामान्य करने का प्रयास कर रहा है।