समाचार · मध्य प्रदेश
बीना यार्ड रीमॉडलिंग से रेल संचालन प्रभावित:आज 4 मेमू ट्रेनें निरस्त, कई के शुरुआती और आखिरी स्टेशन बदले; यात्रियों को होगी परेशानी
बीना रेलवे स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग के बाद ट्रेनों का संचालन प्रभावित है। रविवार, 25 अक्टूबर को बीना-रूठियाई के बीच चलने वाली 4 मेमू ट्रेनें निरस्त रहेंगी। वहीं, भोपाल, कटनी, कोटा, नागदा, दमोह और ललितपुर रूट की कई ट्रेनों के शुरुआती या आखिरी स्टेशन में बदलाव किया गया है। कुछ एक्सप्रेस ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाने की व्यवस्था भी की गई है। रेलवे के अनुसार, बीना स्टेशन पर लाइन और प्लेटफॉर्म की उपलब्धता के साथ फिटनेस संबंधी स्थिति के कारण ये अस्थायी बदलाव किए गए हैं। यात्रियों को स्टेशन पहुंचने से पहले ट्रेन के संचालन और बदले हुए स्टॉपेज की जानकारी हेल्पलाइन नंबर 139 या रेलवे के आधिकारिक पूछताछ माध्यमों से लेने की सलाह दी गई है। बीना-रूठियाई की 4 मेमू ट्रेनें निरस्त रविवार को बीना-रूठियाई मेमू (61611), रूठियाई-बीना मेमू (61612), बीना-रूठियाई मेमू (61625) और रूठियाई-बीना मेमू (61626) निरस्त रहेंगी। रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार, इन ट्रेनों को 25 अक्टूबर तक निरस्त रखा गया है। भोपाल रूट की ट्रेनें मंडी बामोरा तक चलेंगी भोपाल-बीना मेमू (61631) और भोपाल-बीना मेमू (11605) बीना के बजाय मंडी बामोरा स्टेशन पर समाप्त होंगी। वहीं, बीना-भोपाल मेमू (11606) और बीना-भोपाल मेमू (61632) मंडी बामोरा से प्रारंभ होंगी। यह बदलाव 25 अक्टूबर तक लागू रहेगा। इससे भोपाल और बीना के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को आगे की यात्रा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ सकती है। दमोह और ग्वालियर रूट की ट्रेनें मालखेड़ी से चलेंगी बीना-दमोह पैसेंजर (51885) मालखेड़ी से शाम 6:10 बजे रवाना होगी। दमोह-बीना पैसेंजर (51886) मालखेड़ी में सुबह 11:45 बजे समाप्त होगी। इन दोनों ट्रेनों के संचालन में बदलाव 24 अक्टूबर तक निर्धारित था। बीना-ग्वालियर पैसेंजर (51883) भी 24 अक्टूबर तक मालखेड़ी से दोपहर 12:20 बजे रवाना होने के लिए निर्धारित थी। नागदा रूट की ट्रेनें गुना तक सीमित- नागदा-बीना एक्सप्रेस (19341) गुना स्टेशन पर समाप्त होगी, जबकि बीना-नागदा एक्सप्रेस (19342) 25 अक्टूबर तक गुना से प्रारंभ होगी। ललितपुर रूट की ट्रेनें आगासोद तक चलेंगी- ललितपुर-बीना मेमू (64618) आगासोद स्टेशन पर समाप्त होगी। वहीं, बीना-ललितपुर मेमू (64617) आगासोद से प्रारंभ होगी। कटनी रूट की ट्रेनें खुरई से चलेंगी- कटनी-बीना मेमू (11602) खुरई स्टेशन पर समाप्त होगी, जबकि बीना-कटनी मेमू (11601) 26 अक्टूबर तक खुरई से प्रारंभ होगी। कोटा रूट की ट्रेनों के स्टेशन बदले- कोटा-बीना मेमू (11603) महादेवखेड़ी स्टेशन पर समाप्त होगी और बीना-कोटा मेमू (61634) वहां से प्रारंभ होगी। वहीं, कोटा-बीना मेमू (61633) मुंगावली में समाप्त होगी, जबकि बीना-कोटा मेमू (11604) 26 अक्टूबर तक मुंगावली से प्रारंभ होगी। कटनी मुड़वारा रूट पर भी बदलाव- बीना-कटनी मुड़वारा मेमू (61619) 26 अक्टूबर तक महादेवखेड़ी से फ्लाईओवर मार्ग से सुबह 10:20 बजे चलेगी। कटनी मुड़वारा-बीना मेमू (61620) 25 अक्टूबर तक महादेवखेड़ी तक विस्तारित रहेगी। इसका महादेवखेड़ी पहुंचने का निर्धारित समय रात 12:50 बजे है। 5 एक्सप्रेस ट्रेनों के मार्ग में बदलाव रेलवे की सूचना के मुताबिक, बांद्रा टर्मिनस-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस (19053) को 23 अक्टूबर को महादेवखेड़ी-मालखेड़ी-आगासोद मार्ग से चलाया जाना था। अहमदाबाद-दरभंगा एक्सप्रेस (19165) के लिए 21 और 23 अक्टूबर, दरभंगा-अहमदाबाद एक्सप्रेस (19166) के लिए 21 और 24 अक्टूबर, अहमदाबाद-बनारस सिटी एक्सप्रेस (19167) के लिए 20, 22 और 24 अक्टूबर तथा बनारस सिटी-अहमदाबाद एक्सप्रेस (19168) के लिए 20, 22 और 23 अक्टूबर की तारीखें निर्धारित थीं। इन तारीखों में ट्रेनों को बीना के बजाय वैकल्पिक मार्ग से चलाने की व्यवस्था थी।