Tuesday, 8 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

अग्रोहा में अवैध कॉलोनियों पर चला DTP का बुलडोजर:सड़कें उखाड़ीं, नींव वाले प्लॉट तोड़े; 5 घंटे चली कार्रवाई

INT News8 September 2026 at 01:55 pm

हिसार के अग्रोहा में अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) विभाग ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। विभाग की टीम ने अग्रोहा-भूना रोड पर स्थित अग्रसेन कॉलोनी, गणेश कॉलोनी सहित अन्य अवैध कॉलोनियों में करीब पांच घंटे तक अभियान चलाया। इस दौरान जेसीबी की मदद से कॉलोनियों में बनाए गए सड़क नेटवर्क को उखाड़ दिया गया, वहीं नींव भरे प्लॉटों को भी ध्वस्त किया गया। कार्रवाई ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं एसडीओ माणिक की मौजूदगी में जिला नगर योजनाकार अधिकारी दिनेश कुमार और जेई हरि मोहन के नेतृत्व में की गई। विभाग की कार्रवाई से अवैध कॉलोनी विकसित करने वालों में हड़कंप मचा रहा। DTP बोले- अवैध कॉलोनियों में प्लॉट खरीदने से बचें डीटीपी दिनेश कुमार ने लोगों से अपील की कि वे अपनी मेहनत की कमाई अवैध कॉलोनियों में प्लॉट खरीदकर बर्बाद न करें। उन्होंने कहा कि प्लॉट या भवन खरीदने से पहले संबंधित कॉलोनी के वैध या अवैध होने की जानकारी अवश्य लें। इसके लिए कोई भी व्यक्ति जिला नगर योजनाकार विभाग के कार्यालय से संबंधित कॉलोनी के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकता है। आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई डीटीपी ने कहा कि अग्रोहा में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ विभाग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध कॉलोनी में निर्माण करने पर विभाग द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और अवैध निर्माण को ध्वस्त किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से केवल वैध एवं नियमित कॉलोनियों में ही प्लॉट अथवा भवन खरीदने की अपील की।