Tuesday, 8 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

कार्तिक उरांव कॉलेज में सीट बढ़ाने, शिक्षकों की नियुक्ति और सुविधाएं दुरुस्त करने की मांग

INT News8 September 2026 at 02:39 pm

गुमलाः विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने, महाविद्यालय में सीटों की संख्या बढ़ाने, शिक्षकों की कमी दूर करने और मूलभूत सुविधाओं में सुधार की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने कार्तिक उरांव कॉलेज, गुमला की प्राचार्या डॉ सीमा कुमारी को ज्ञापन सौंपा. प्रदेश मंत्री प्रकाश टुटी की उपस्थिति में विभाग प्रमुख ज्योतिष राम के मार्गदर्शन और जिला संयोजक सन्नी कुमार ठाकुर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विद्यार्थियों की विभिन्न समस्याओं को प्राचार्या के समक्ष रखा.

सीटें बढ़ाने और शिक्षकों की नियुक्ति की मांग

एबीवीपी ने कहा कि गुमला और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों विद्यार्थी उच्च शिक्षा के लिए स्थानीय महाविद्यालयों पर निर्भर हैं. विद्यार्थियों की संख्या को देखते हुए सीटों में बढ़ोतरी जरूरी है, ताकि सीटों की कमी के कारण कोई विद्यार्थी उच्च शिक्षा से वंचित न हो. संगठन ने शिक्षकों की कमी को भी गंभीर समस्या बताते हुए रिक्त पदों को भरने और सभी विषयों में पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति की मांग की. कार्यकर्ताओं ने कहा कि शिक्षकों की कमी का सीधा असर विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई और शिक्षा की गुणवत्ता पर पड़ रहा है.

ये भी पढ़ें- सिमडेगा में जुटा कुम्हार समाज, सामाजिक सुधार और एकजुटता पर जोर

पेयजल, शौचालय और पुस्तकालय की सुविधा दुरुस्त करने की मांग

ज्ञापन में स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त एवं स्वच्छ शौचालय, नियमित साफ-सफाई, व्यवस्थित कक्षाएं और पर्याप्त फर्नीचर की व्यवस्था करने की मांग की गई. इसके अलावा पुस्तकालय में आवश्यक पुस्तकों की उपलब्धता, प्रयोगशालाओं में पर्याप्त उपकरण, बिजली एवं प्रकाश व्यवस्था तथा विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की मांग भी की गई. प्रदेश मंत्री प्रकाश टुटी ने कहा कि कॉलेज में केवल प्रवेश मिलना पर्याप्त नहीं है. विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए पर्याप्त शिक्षक, पुस्तकालय, प्रयोगशाला और सुरक्षित व स्वच्छ वातावरण भी मिलना चाहिए.

प्राचार्या ने समाधान का दिया आश्वासन

प्राचार्या डॉ सीमा कुमारी ने मांगों को गंभीरता से लेते हुए महाविद्यालय स्तर की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया. उन्होंने विश्वविद्यालय स्तर से जुड़े मामलों को रांची विश्वविद्यालय के समक्ष रखने की बात कही. मौके पर क्षेत्रीय जनजातीय प्रमुख डब्लू भगत, विक्रम साहू, सपना टोप्पो, अनूपा पन्ना, रामप्रसाद साहू समेत एबीवीपी के कार्यकर्ता एवं विद्यार्थी उपस्थित थे.

ये भी पढ़ें- 'फिजियोथेरेपी डे' पर सिमडेगा के आनंद भवन में लगेगा निःशुल्क शिविर