समाचार · मध्य प्रदेश
सिर्फ 5 हजार वेतन में 7-8 घंटे काम...:बुरहानपुर जनसुनवाई में 15 साल से काम कर रहे कर्मचारियों की गुहार; कलेक्टर रेट से भुगतान की मांग
बुरहानपुर में मंगलवार को जन सुनवाई हुई। इसमें जिलेभर से लोग अपनी शिकायतें लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। अफसरों ने उनकी शिकायतें सुनीं और समाधान का भरोसा दिया। जन सुनवाई में जनजातीय विभाग के हाईस्कूलों और छात्रावासों में काम करने वाले अंशकालीन कर्मचारी भी पहुंचे। उन्होंने शिकायत की कि उन्हें अंशकालीन पद पर काम करते हुए 15 साल से ज्यादा हो गए हैं। इन कर्मचारियों को वेतन के नाम पर सिर्फ 5 हजार रुपए दिए जा रहे हैं, जबकि उनसे सात से आठ घंटे काम कराया जाता है। उन्होंने बताया कि शासन का नियम है कि 3 साल का कार्यकाल पूरा होने पर कलेक्टर रेट से वेतन दिया जाए। कलेक्टर रेट से वेतन देने की मांग
हालांकि, जिले में इस नियम का पालन नहीं हो रहा है। कर्मचारियों ने कहा कि कुछ जिलों में यह नियम लागू है। पहले उन्हें कलेक्टर रेट से वेतन मिलता था, लेकिन बाद में इसे कम कर दिया गया। इस कम वेतन से परिवार का गुजारा करना मुश्किल हो रहा है। कर्मचारियों ने मांग की है कि उन्हें कलेक्टर रेट से वेतन दिया जाए। जन सुनवाई में और भी शिकायतें आईं। इच्छापुर में शासकीय पट्टाधारियों ने अपनी जमीन का भौतिक सत्यापन और आवंटन करने की मांग की। उन्होंने अफसरों से शिकायत की कि पट्टा दस्तावेज मिलने के बाद भी उन्हें स्वीकृत जमीन का सीमांकन और भौतिक सत्यापन नहीं मिला है। जहां पट्टा दिया गया है, वहां सरपंच, सचिव और पटवारी ने जेसीबी से 30 से 40 फीट गहरे गड्ढे करा दिए हैं। नियमित साफ-सफाई नहीं होने की भी शिकायत
ग्राम टिटगांव कला के ग्रामीणों ने शिकायत की कि गांव में नालियों की नियमित साफ-सफाई नहीं होती। इससे बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। इसके अलावा, गांव में प्राथमिक शाला के पास सार्वजनिक जगह पर गंदगी है। ग्रामीणों ने गणेशोत्सव से पहले साफ-सफाई कराने की मांग की। जयसिंहपुरा के ग्रामीण भी जन सुनवाई में पहुंचे। उन्होंने बताया कि आवास योजना की तीसरी किश्त उनके खातों में नहीं आई है।